Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ganesh Acharya की फिल्म के लिए बॉलीवुड का दमदार सपोर्ट, बड़े सितारों ने दिया समर्थन

October 13, 2026

Ganesh Acharya की फिल्म के लिए बॉलीवुड का दमदार सपोर्ट, बड़े सितारों ने दिया समर्थन

एंटरटेनमेंट डेस्क: मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर गणेश आचार्य, जिन्हें प्यार से मास्टरजी कहा जाता है, अपनी आगामी निर्देशित फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के ट्रेलर लॉन्च के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री से खूब प्यार और समर्थन हासिल कर रहे हैं। यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अक्षय कुमार, अजय देवगन और संजय दत्त से लेकर कृति सेनन, विक्की कौशल, रणवीर सिंह और कई अन्य मशहूर सितारों ने मास्टरजी के प्रेरणादायक सफर की सराहना करते हुए फिल्म के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

अक्षय कुमार, जो गणेश आचार्य के साथ लंबे समय से काम करते आ रहे हैं, ने ट्रेलर साझा करते हुए एक भावुक नोट लिखा। मास्टरजी के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि गणेश आचार्य ने उनके शुरुआती गानों में से एक को कोरियोग्राफ किया था।

अक्षय ने लिखा, “मास्टर जी और मेरा साथ बहुत पुराना है। मुझे आज भी याद है, बतौर कोरियोग्राफर उनका पहला गाना मेरे साथ था और आज उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट से जो मुकाम हासिल किया है, उसे देखकर मुझे बहुत खुशी और गर्व होता है। एक छोटी-सी शुरुआत से लेकर आज यहां तक पहुंचने का उनका सफर, यही कहानी है ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ की। और सबसे खास बात यह है कि यह उनकी अपनी कहानी है।” उन्होंने ट्रेलर साझा करने पर खुशी जाहिर की और अपने दोस्त को प्यार व शुभकामनाएं दीं।

कृति सेनन, जिन्होंने गणेश आचार्य के साथ ‘व्हिसल बजा’ और ‘परम सुंदरी’ जैसे यादगार गानों पर काम किया है, ने अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए लिखा, “मुझे अपने करियर के कुछ बेहतरीन गानों में उनके निर्देशन में काम करने का मौका मिला है। अब उनके जादुई और प्रेरणादायक सफर को देखने का समय है! मास्टरजी, क्या शानदार ट्रेलर है!”

विक्की कौशल ने गणेश आचार्य के साथ काम करते हुए उनकी जिंदगी के कई किस्से सुनने का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “गणेश मास्टरजी… आपका सफर सचमुच डस्ट टू स्टारडस्ट रहा है। आपके साथ काम करके आपकी जिंदगी के कई किस्से सुने हैं और हर बार उनसे प्रेरित महसूस करता हूं।” उन्होंने बड़े पर्दे पर मास्टरजी की कहानी देखने को लेकर उत्साह जताया और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

रितेश देशमुख ने ट्रेलर की तारीफ करते हुए गणेश आचार्य के सफर को असाधारण बताया। वहीं, वरुण धवन ने फिल्म की कहानी और निर्देशन की सराहना करते हुए लिखा, “वाकई शानदार, मास्टरजी। आपकी यात्रा को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। हर फ्रेम का निर्देशन कमाल का है। आपकी कहानी पूरी एक पीढ़ी को प्रेरित करेगी।”

रणवीर सिंह ने मास्टरजी के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए उनके सफर को प्रेरणादायक बताया, जबकि टाइगर श्रॉफ ने ट्रेलर को ‘फाड़ू’ कहा और बड़े पर्दे पर उनकी कहानी देखने को लेकर उत्साह जताया। सोनम बाजवा ने भी प्यार और शुभकामनाएं दीं। तमन्ना भाटिया ने कहा कि अब दुनिया उनके सफर को देख सकेगी।

वहीं, परिणीति चोपड़ा, जिन्होंने गणेश आचार्य के साथ ‘बोल बेलिया’ और ‘सजदे’ जैसे गानों पर काम किया है, ने उनके साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए कहा कि उनके साथ सेट पर काम करते हुए उन्हें हमेशा हीरोइन जैसा महसूस होता है। उन्होंने ट्रेलर की भी खूब तारीफ की।

फिल्म के ट्रेलर को लेकर इंडस्ट्री से तारीफों का सिलसिला जारी है। गीता कपूर ने अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि वह दिसंबर का इंतजार करेंगी। वहीं, मुनव्वर फारूकी ने ट्रेलर को मास्टरपीस बताते हुए गणेश आचार्य को एक बेहतरीन इंसान कहा। मौनी रॉय ने ट्रेलर को रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव बताया और सिनेमाघरों में फिल्म देखने की इच्छा जाहिर की। मृणाल ठाकुर ने ट्रेलर में गणेश आचार्य के जुनून और सालों की मेहनत की झलक की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि उनके दो गानों का हिस्सा बनकर वह उनके सफर में अपनी छोटी-सी भूमिका निभाने से खुश हैं।

सुनील शेट्टी ने गणेश आचार्य के काम के प्रति उनके जुनून की तारीफ करते हुए कहा कि जो लोग डांस के ज्यादा शौकीन नहीं हैं, वे भी उनके काम में हर बीट को महसूस कर सकते हैं।

जॉनी लीवर ने फिल्म के लिए अपना समर्थन और शुभकामनाएं दीं, जबकि मनीष पॉल ने कहा कि मास्टरजी का दिल छू लेने वाला सफर दर्शकों से जुड़ाव बनाएगा। प्रभु देवा, सोनू सूद, जैमी लीवर, अवनीत कौर, रोहित सराफ, विद्या बालन, कृष्णा अभिषेक और तुषार शेट्टी सहित कई अन्य सितारों ने भी फिल्म के लिए अपनी सराहना और शुभकामनाएं साझा कीं। अजय देवगन और संजय दत्त ने भी इंडस्ट्री के कई अन्य सदस्यों के साथ ट्रेलर को साझा कर अपना समर्थन दिया।

गणेश आचार्य को मिल रहा यह प्यार और समर्थन भारतीय सिनेमा में उनके वर्षों के योगदान को दर्शाता है। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार गानों को कोरियोग्राफ किया है और अलग-अलग पीढ़ियों के कलाकारों के साथ काम किया है। ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के जरिए वह अपनी ही जिंदगी के सफर को बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं, जिसमें महत्वाकांक्षा, संघर्ष, त्याग और जिंदगी की चुनौतियों से लड़कर आगे बढ़ने की कहानी देखने को मिलेगी।

फिल्म में शिवांशु सोनी, आलोक शॉ, सुकन्या कलान और साक्षी पवारस्कर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म डांस, ड्रामा और प्रेरणा से भरपूर एक भावनात्मक कहानी पेश करने का वादा करती है। V2S प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रस्तुत इस फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं, जबकि लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश आचार्य ने संभाली है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Akshay Kumar (@akshaykumar)

फिल्म की पटकथा और संवाद दिगंगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। इसका संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है, जबकि गीतों के बोल समीर अंजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। अजय पांडे सिनेमैटोग्राफर हैं, राकेश राम ने एडिटिंग की है और रेड अमाइज़ के अमरीश यमनप्पा पटांगे तथा दया वन्नियार ने प्रोडक्शन डिजाइन संभाला है। फिल्म की कोरियोग्राफी गणेश आचार्य और उनकी टीम ने की है।

बॉलीवुड के बड़े सितारों का मास्टरजी के सफर का जश्न मनाना और उनकी फिल्म को समर्थन देना ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें