हर इंसान का पहला काम हमेशा खास होता है और उसकी यादें उम्र भर साथ रहती हैं। यही वजह है कि बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक सुभाष घई के लिए उनकी पहली निर्देशित फिल्म ‘कालीचरण’ आज भी बेहद करीब है। यह फिल्म शनिवार को अपनी रिलीज के 50 साल पूरे कर चुकी है।
इस मौके पर सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने फिल्म से जुड़ी कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें शत्रुघ्न सिन्हा समेत अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि ठीक 50 साल पहले उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया था, जब उनकी पहली निर्देशकीय फिल्म ‘कालीचरण’ रिलीज हुई थी। उस वक्त वे काफी घबराए हुए थे, क्योंकि इससे पहले उन्होंने करीब 10 साल तक अभिनय और दूसरों के लिए पटकथा लिखते हुए संघर्ष किया था।
उन्होंने आगे बताया कि ‘कालीचरण’ की सफलता ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी। इसके बाद सिनेमा में उनका सफर लगातार आगे बढ़ता चला गया।
सुभाष घई ने फिल्म की पूरी टीम के प्रति आभार जताते हुए लिखा कि आज भी वे ‘कालीचरण’ से जुड़े हर व्यक्ति के दिल से शुक्रगुजार हैं। निर्माता, कलाकार, सह-लेखक और तकनीशियन, सभी ने उस समय उनकी सोच और सपनों पर भरोसा किया, जब उनके पास निर्देशन का कोई अनुभव नहीं था।
फिल्म ‘कालीचरण’ के साथ सुभाष घई ने निर्देशक के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म ने न सिर्फ उनके फिल्मी सफर की नींव रखी, बल्कि बॉलीवुड में उनकी एक अलग पहचान भी बनाई।
साल 1976 में रिलीज हुई यह ब्लॉकबस्टर हिंदी एक्शन-थ्रिलर फिल्म शत्रुघ्न सिन्हा, रीना रॉय, अजीत और डैनी डेन्जोंगपा जैसे सितारों से सजी थी। कहानी एक ईमानदार पुलिस अफसर के हमशक्ल अपराधी को सुधारकर ‘लायन’ नाम के खतरनाक विलेन को पकड़ने की है। यह फिल्म शत्रुघ्न सिन्हा के करियर की पहली बड़ी हिट भी साबित हुई थी।
उस दौर में शत्रुघ्न सिन्हा का ‘शॉटगन’ अंदाज, रीना रॉय के साथ उनकी केमिस्ट्री और ‘जा रे जा ओ हरजाई’ जैसे गाने दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुए थे।

