Site icon Dainik Savera Times

‘लॉक अप 2’ में इमोशनल हुईं सुनीता आहूजा, बोलीं- गाय के पेशाब जैसा सूप दे रहे पीने को

Sunita Ahuja gets emotional during Lock Up 2

Sunita Ahuja gets emotional during Lock Up 2

एंटरटेनमेंट डेस्क: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में अपनी बेबाक और मजाकिया अंदाज के लिए चर्चा में रहने वाली सुनीता आहूजा अब भावुक होती नजर आईं। शो के हालिया एपिसोड में उन्होंने खाने की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई, खाना खाने से इनकार कर दिया और शो छोड़ने की इच्छा जाहिर की। इस दौरान वह अपने पति गोविंदा की कही बात याद करके रो भी पड़ीं।

दरअसल, खाने को लेकर घर के अंदर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद सुनीता ने रात का खाना नहीं खाया और भूखे पेट ही सो गईं। अगले दिन सुबह उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि वह सभी के साथ अच्छे से रह रही हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें इस तरह परेशान किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि वह अब इस शो में नहीं रहना चाहतीं और जितनी जल्दी हो सके घर जाना चाहती हैं।

‘चीची बार-बार कह रहे थे, मत जाओ’

भावुक होते हुए सुनीता ने कहा कि उनके पति गोविंदा, जिन्हें वह प्यार से ‘चीची’ कहती हैं, ने उन्हें शो में आने से पहले मना किया था। उन्होंने कहा, “चीची बार-बार कह रहे थे कि मत जाओ, लेकिन मैंने उनकी बात नहीं मानी। जब-जब उनकी बात नहीं मानी, मुझे बाद में पछताना पड़ा।” इतना कहते ही वह रोने लगीं। सुनीता ने शो में मिलने वाले खाने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे खाने के लिए भीख मांगनी पड़ रही हो। उन्होंने सूप के स्वाद पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उसका स्वाद उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया। यह गाय के पेशाब जैसा है। उनके इस बयान के बाद घर का माहौल काफी गरमा गया।

इसके बाद मेकर्स ने कंटेस्टेंट्स के लिए एक टास्क रखा, जिसमें सवालों के जवाब देकर नाश्ता जीतना था। लेकिन सुनीता ने टास्क खेलने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई टास्क नहीं खेलना, वह सिर्फ घर वापस जाना चाहती हैं। उन्होंने नाश्ता भी नहीं किया और कहा कि अगर शो से बाहर निकलने का यही तरीका है तो वह बीमार पड़ना भी मंजूर करेंगी।

‘रितेश देशमुख ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की’

उन्होंने यह भी कहा कि क्या मेकर्स को लगता है कि कंटेस्टेंट्स की कोई इज्जत नहीं है। इस दौरान अभिनेता राम कपूर ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन सुनीता किसी की बात सुनने के मूड में नहीं थीं। बाद में जब शो के होस्ट रितेश देशमुख घर के अंदर पहुंचे, तब भी सुनीता ने उनके सामने शो छोड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह इस गेम को आगे नहीं खेल पाएंगी क्योंकि वह लगातार इमोशनल ब्रेकडाउन महसूस कर रही हैं। उन्होंने रितेश से अनुरोध किया कि अगर संभव हो तो उन्हें शो से बाहर कर दिया जाए। यह कहते हुए वह फूट-फूटकर रोने लगीं। इसके बाद रितेश देशमुख ने उन्हें गले लगाकर शांत कराने की कोशिश की।

गौरतलब है कि शो में आने से पहले ही गोविंदा ने सुनीता को ‘लॉक अप 2’ में हिस्सा लेने से मना किया था। सुनीता ने पहले बताया था कि गोविंदा को डर था कि शो के माहौल और दबाव में वह भावनात्मक रूप से टूट सकती हैं। उस समय सुनीता ने खुद को मानसिक रूप से मजबूत बताया था, लेकिन अब शो में उनका इमोशनल ब्रेकडाउन इस सीजन के सबसे चर्चित पलों में से एक बन गया है।

Exit mobile version