नेशनल डेस्क: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने अपने वादों में महिलाओं और युवाओं को खास प्राथमिकता दी है।
महिलाओं के लिए बड़े वादे
घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कई अहम योजनाओं का ऐलान किया गया है। 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हर परिवार को साल में 6 गैस सिलेंडर मुफ्त मिलेंगे। गरीब परिवार की महिलाओं की शादी पर 8 ग्राम सोना और एक अच्छी क्वालिटी की सिल्क साड़ी देने का वादा किया गया है।
पहली बार चुनाव लड़ रही TVK
विजय की पार्टी TVK पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही है। पार्टी राज्य की सभी 234 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। विजय ने साफ किया है कि उनकी पार्टी किसी भी बड़े राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी। तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में होगा और नतीजे 4 मई 2026 को आएंगे।
महिलाओं को टिकट में भी प्राथमिकता
पार्टी ने चुनाव टिकट वितरण में भी महिलाओं को जगह दी है। TVK ने कुल 24 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। खुद विजय दो सीटों पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे।
युवाओं के लिए भी योजनाएं
घोषणापत्र में युवाओं के लिए भी कई घोषणाएं की गई हैं, जिनमें ग्रेजुएट युवाओं को 4,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता, डिप्लोमा धारकों को 2,000 रुपये प्रतिमाह सहायता, निजी कंपनियों में 75% नौकरियां स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित करने का वादा, सभी सरकारी परीक्षाएं समय पर कराने की योजना, युवाओं के लिए ब्याज मुक्त स्टार्टअप लोन और सरकारी क्षेत्रों में इंटर्नशिप और स्किल ट्रेनिंग की सुविधा शामिल है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...