Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

तब्बू की नई सीरीज ‘टनल मेन’ का हुआ ऐलान, 2023 के उत्तराखंड रेस्क्यू पर होगी आधारित

November 18, 2026

तब्बू की नई सीरीज ‘टनल मेन’ का हुआ ऐलान, 2023 के उत्तराखंड रेस्क्यू पर होगी आधारित

एंटरटेनमेंट डेस्क : तब्बू वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की नेटफ्लिक्स सीरीज़ ‘टनल मेन’ से जुड़ गई हैं। यह पहली बार होगा जब अभिनेत्री किसी हिंदी ओरिजिनल स्ट्रीमिंग सीरीज़ में नजर आएंगी। ‘टनल मेन’ 2023 में उत्तराखंड में हुए टनल रेस्क्यू की भावना से प्रेरित एक काल्पनिक ड्रामा है।

नवंबर 2023 में पूरा देश सांसें थामकर उस लंबे और चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान को देख रहा था, जिसके जरिए उत्तराखंड में एक ढही हुई सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। ‘टनल मेन’ उसी घटना की भावना, मुश्किल हालात में दिखाए गए धैर्य, टीमवर्क और उम्मीद से प्रेरणा लेती है, जिसने उस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

तब्बू का करियर तीन दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा है। इस दौरान उन्होंने मुख्यधारा और इंडिपेंडेंट सिनेमा के साथ-साथ हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में भी सहजता से अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘माचिस’ और ‘चांदनी बार’ में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले, वहीं ‘मकबूल’, ‘हैदर’ और ‘अंधाधुन’ जैसी फिल्मों ने उनकी असाधारण अभिनय क्षमता और रेंज को दर्शाया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तब्बू ने अपनी खास पहचान बनाई है। उनके ग्लोबल प्रोजेक्ट्स में मीरा नायर की ‘द नेमसेक’ शामिल है, जिसमें उन्होंने अशिमा गांगुली का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह आंग ली की ‘लाइफ ऑफ पाई’ और सीरीज़ ‘ड्यून: प्रोफेसी’ में सिस्टर फ्रांसेस्का की भूमिका में भी नजर आई थीं।

‘द रेलवे मेन’ का निर्देशन कर चुके शिव रवैल ‘टनल मेन’ के शोरनर के रूप में वापसी कर रहे हैं। इस नई कहानी के जरिए वह साहस की एक और दास्तान को उसी मानवीय संवेदनशीलता के साथ पेश करेंगे, जिसके लिए उनका पिछला काम सराहा गया था।

‘टनल मेन’ वाईआरएफ एंटरटेनमेंट में सीईओ अक्षय विधानी के नेतृत्व में हेड ऑफ कंटेंट के तौर पर शामिल होने के बाद सौगता मुखर्जी का पहला प्रोजेक्ट भी है। कंटेंट की दुनिया में लंबा अनुभव रखने वाले मुखर्जी ने भारत की कुछ सबसे चर्चित सीरीज़ की देखरेख की है, जिनमें ‘स्कैम 1992’, ‘महारानी’, ‘तब्बर’ और ‘रॉकेट बॉयज़’ शामिल हैं। वहीं ‘आर्या’, ‘रॉकेट बॉयज़’ और ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ को इंटरनेशनल एमी नॉमिनेशन भी मिले हैं।

यह सीरीज़ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इसके साथ वाईआरएफ एंटरटेनमेंट और इस प्लेटफॉर्म की रचनात्मक साझेदारी आगे बढ़ेगी, जिसकी शुरुआत 2023 में ‘द रोमांटिक्स’ के साथ हुई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें