Taskaree The Smugglers Web Series : इमरान हाशमी की नई वेब सीरीज ‘तस्करी’ ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यह सीरीज न सिर्फ भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जबरदस्त प्रतिक्रिया हासिल कर रही है। इसी का नतीजा है कि ‘तस्करी’ नेटफ्लिक्स की ग्लोबल नॉन-इंग्लिश टीवी कैटेगरी में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
सीरीज ने रिलीज के पहले ही हफ्ते में इतिहास रच दिया है। ‘तस्करी’ 9 देशों में नंबर वन ट्रेंड कर रही है, जबकि 23 देशों में यह टॉप 10 की लिस्ट में अपनी जगह बना चुकी है। यह उपलब्धि भारतीय वेब कंटेंट के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें : Today Weather Update: अब ठंड कहेगी अलविदा! दिल्ली से राजस्थान तक बारिश का अलर्ट
इमरान हाशमी ने जताया आभार
सीरीज की शानदार सफलता से उत्साहित इमरान हाशमी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपने फैंस का धन्यवाद किया। वीडियो में इमरान कहते हैं कि दर्शकों से मिल रहे प्यार और सपोर्ट ने उन्हें बेहद खुश किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार कॉल और मैसेज मिल रहे हैं, जिसके लिए वह दिल से सभी का आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही इमरान ने उन लोगों से भी ‘तस्करी’ देखने की अपील की, जिन्होंने अब तक सीरीज नहीं देखी है।
निर्देशक नीरज पांडे की प्रतिक्रिया
सीरीज के निर्देशक नीरज पांडे ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि नेटफ्लिक्स की ग्लोबल लिस्ट में शीर्ष स्थान हासिल करना सिर्फ एक शो की सफलता नहीं, बल्कि भारतीय कहानी कहने की ताकत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मजबूत और अलग तरह की कहानियों को दुनिया भर में पसंद किया जाता है, चाहे भाषा या देश कोई भी हो।
स्टारकास्ट और कहानी
‘तस्करी’ में इमरान हाशमी के साथ जोया अफरोज, अमृता खानविलकर, शरद केलकर, नंदीश संधू और अनुराग सिन्हा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह सीरीज एयरपोर्ट कस्टम्स और तस्करी की जटिल व आधुनिक दुनिया पर आधारित है, जो दर्शकों को रोमांच और सस्पेंस से भरपूर अनुभव देती है।

