Site icon Dainik Savera Times

‘Oh My Dog’ का टीज़र हुआ रिलीज़, 31 जुलाई को बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल

'Oh My Dog' Teaser Released

'Oh My Dog' Teaser Released

‘Oh My Dog’ Teaser Released: ओह माय गॉड 2 के सफल निर्देशक अमित राय अब अपनी नई फिल्म ‘ओह माय डॉग’ लेकर दर्शकों के बीच आ रहे हैं। यह फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। निर्माताओं ने आज फिल्म का टीज़र जारी किया, जो इंसानों और कुत्तों के बीच मौजूद प्यार, भरोसे और अटूट रिश्ते की एक भावनात्मक कहानी की झलक पेश करता है।

बाबूलाल बायोस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी द्वारा निर्मित इस फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलाख्याना बरुआ, विजय मिश्रा के साथ-साथ कैनाइन स्टार्स ऑस्कर और ब्रूनो प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आएंगे। फिल्म में 250 से अधिक कुत्ते शामिल हैं। यह एक छोटे बच्चे और उसके प्यारे साथी डॉग के बीच के खूबसूरत और भावनात्मक रिश्ते की कहानी है।

‘ओह माय डॉग’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक पारिवारिक मनोरंजक फिल्म होने के साथ-साथ इंसानों और जानवरों, विशेष रूप से कुत्तों, के बीच प्रेम, दोस्ती, दया और करुणा का संदेश देती है। फिल्म दर्शकों को डर और पूर्वाग्रह से ऊपर उठकर जानवरों के प्रति संवेदनशील बनने और उनके साथ शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित करती है।

फिल्म के टीज़र की शुरुआत अमिताभ बच्चन के सदाबहार गीत “मेरे पास आओ मेरे दोस्तों, एक किस्सा सुनो” से होती है, जो दर्शकों में पुरानी यादों को ताज़ा करते हुए कहानी की मासूमियत, अपनापन और भावनात्मक गहराई को खूबसूरती से सामने लाता है।

फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक अमित राय ने कहा, “कुत्ते हमें निस्वार्थ प्रेम और वफादारी का सबसे शुद्ध रूप सिखाते हैं। ‘ओह माय डॉग’ के माध्यम से मैं ऐसी कहानी कहना चाहता था जो भावनात्मक होने के साथ-साथ मनोरंजक भी हो और हर परिवार के दिल को छू सके। यह सिर्फ एक बच्चे और उसके डॉग की कहानी नहीं है, बल्कि सभी जीवों के साथ करुणा और प्रेम के साथ सह-अस्तित्व में जीने का संदेश है। अगर इस फिल्म को देखने के बाद लोगों के मन में जानवरों के प्रति थोड़ी भी संवेदनशीलता और दया बढ़ती है, तो मुझे लगेगा कि हमारी फिल्म अपने उद्देश्य में सफल रही।”

Exit mobile version