
एंटरटेनमेंट डेस्क : धनुष और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘तेरे इश्क में’ रिलीज हुए सिर्फ पांच दिन ही हुए हैं, लेकिन यह लगातार दर्शकों को थिएटर्स तक खींच रही है। बता दें कि इस साल बॉलीवुड में कई रोमांटिक फिल्मों ने सफलता पाई है, जिनमें ‘सैयारा’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ शामिल हैं। वहीं, ‘तेरे इश्क में’ भी केवल पांच दिन में ही बॉक्स ऑफिस पर ठोस पकड़ बना चुकी है।
मंगलवार को सोमवार से ज्यादा कमाई
फिल्म ने शुक्रवार को शानदार ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी और वीकेंड में भी अच्छे कलेक्शन दर्ज किए। सोमवार को फिल्म का कलेक्शन 8 करोड़ रुपये के पार रहा, जो ट्रेड विशेषज्ञों के मुताबिक बहुत अच्छी होल्डिंग है। मंगलवार को फिल्म ने और भी बेहतर प्रदर्शन किया। टिकटों पर विशेष ऑफर्स और प्रमोशन का फायदा उठाते हुए फिल्म ने 10-11 करोड़ रुपये के बीच कमाई की, यानी सोमवार के मुकाबले लगभग 25% की बढ़ोतरी हुई।
कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
पांच दिन में ‘तेरे इश्क में’ का कुल नेट कलेक्शन 71 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। सिर्फ हिंदी वर्जन ने 68 करोड़ रुपये से ज्यादा का योगदान दिया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ, धनुष की फिल्म कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है।
इससे पहले अजय देवगन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ ने 20 दिन में लगभग 72 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। तुलना करने पर कहा जा सकता है कि ‘तेरे इश्क में’ ने मात्र पांच दिन में अजय की फिल्म के बराबर कमाई कर ली है। बुधवार तक यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर लगभग…
इसके अलावा, ‘एक दीवाने की दीवानियत’ जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर लगभग 80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हासिल किया था, जबकि ‘परम सुंदरी’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ जैसी रोमांटिक फिल्मों का कुल कलेक्शन इससे कम ही रहा। ‘तेरे इश्क में’ कुछ ही दिनों में इन सभी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए इस साल की दूसरी सबसे बड़ी लव स्टोरी बनने की राह पर है।