Site icon Dainik Savera Times

52 साल के हुए थलापति विजय, एक्टर बनने की जिद में छोड़ दिया था घर…जानें अभिनय से लेकर राजनीति तक का सफर

Thalapathy Vijay Birthday

Thalapathy Vijay Birthday

एंटरटेनमेंट डेस्क: दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनय की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने वाले विजय अब राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। फिल्मों में लंबा और सफल करियर बिताने के बाद उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना और आज वे तमिलनाडु के सीएम है।

चेन्नई में हुआ था जन्म

थलापति विजय का जन्म 22 जून 1974 को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हुआ था। उनका पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक और निर्माता हैं, जबकि उनकी मां शोभा चंद्रशेखर एक गायिका और लेखिका हैं। फिल्मी माहौल में पले-बढ़े विजय को बचपन से ही अभिनय में दिलचस्पी थी।

बाल कलाकार के रूप में शुरू किया करियर

विजय ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की थी। उन्होंने कई फिल्मों में छोटे-छोटे किरदार निभाए और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बचपन में ही कैमरे के सामने काम करने का अनुभव उन्हें आगे चलकर बड़ा अभिनेता बनने में मददगार साबित हुआ।

हीरो बनने की जिद में छोड़ दिया था घर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय बचपन से ही फिल्मों में मुख्य अभिनेता बनना चाहते थे, जब उन्होंने अपने पिता से हीरो के रूप में काम करने की इच्छा जताई तो शुरुआत में उनके पिता इसके लिए तैयार नहीं हुए। इससे नाराज होकर विजय कुछ समय के लिए घर छोड़कर चले गए थे। बाद में उनके पिता ने उन्हें ढूंढ निकाला। बताया जाता है कि वे चेन्नई के एक थिएटर में फिल्म देखते हुए मिले थे। इसके बाद परिवार ने उनकी इच्छा को समझा और उन्हें अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका दिया।

18 साल की उम्र में बने मुख्य अभिनेता

विजय ने महज 18 वर्ष की आयु में बतौर लीड एक्टर फिल्मी दुनिया में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म ‘नालैया थीरपू’ थी, जो वर्ष 1992 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर ने किया था। हालांकि शुरुआत आसान नहीं रही, लेकिन विजय ने लगातार मेहनत की और धीरे-धीरे तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो गए।

तीन दशक से ज्यादा का शानदार फिल्मी सफर

करीब 30 वर्षों से अधिक लंबे करियर में विजय ने दर्जनों सफल फिल्मों में काम किया। उन्होंने एक्शन, रोमांस और पारिवारिक फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में ‘घिल्ली’, ‘थुप्पाक्की’, ‘थेरी’, ‘मेर्सल’, ‘सरकार’, ‘मास्टर’, ‘लियो’, ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’, ‘काधालुक्कु मरियाधई’, ‘पूवे उनक्कागा’ और ‘थुल्लाधा मनमुम थुल्लुम’ जैसी कई फिल्में शामिल हैं।

राजनीति में भी रखा कदम

फिल्मों में सफलता हासिल करने के बाद विजय ने राजनीति में प्रवेश किया। फरवरी 2024 में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK)’ की स्थापना की। साल 2026 में पहली बार उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा और तमिलनाडु के सीएम बन गए। थलापति विजय सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि दक्षिण भारत के सबसे लोकप्रिय सितारों में से एक हैं। उनकी फिल्मों को देश और विदेश में करोड़ों लोग पसंद करते हैं। अभिनय और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उनके जन्मदिन के मौके पर प्रशंसक और समर्थक उन्हें सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Exit mobile version