Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय फिल्म उद्योग के कलाकारों की प्रसिद्ध Celebrity Cricket League का कल होगा आगाज

February 17, 2023

भारतीय फिल्म उद्योग के कलाकारों की प्रसिद्ध Celebrity Cricket League का कल होगा आगाज

रायपुर: भारतीय फिल्म उद्योग के कलाकारों के प्रसिद्ध सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (सीसीएल) 2023 का कल आगाज होगा।सीसीएल 2023 के लिए सज चुके रायपुर के मैदान में भव्य तरीके से कल इसका आगाज होगा। इस मौके पर भारतीय सिनेमा के कई नामचीन कलाकार मौजद रहेंगे। इन कलाकारों की मेजबानी के लिए जहां रायपुर तैयार है, वहीं सभी भोजपुरी दबंग की टीम भी अपने पहले मुकाबले में पंजाब द शेर से भिड़ने के लिए कमर कस चुकी है।

सीसीएल 2023 की एक महत्वपूर्ण फ्रेंचाइजी भोजपुरी दबंग के मालिक आनंद बिहारी यादव ने कहा कि टी20 संस्करण पर आधारित इस टूर्नामेंट को छतीसगढ़ की सरकार और जनता के साथ स्थानीय कलाकारों का भी उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। यहां की जनता सीसीएल में अपने पसंदीदा कलाकार को क्रिकेट मैच खेलते हुए देखने को बेताब है।

उन्होंने बताया कि रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में 18 एवं 19 फरवरी को फिल्म सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग मैच होने जा रहा है। रायपुर में 18 फरवरी यानी कल सीसीएल 2023 के आगाज के बाद ओपनिंग मैच बंगाल टायगर्स और कर्नाटक बुलडोजर्स के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच भी 18 फरवरी को ही चेन्नई रहिनोस और मुंबई हीरोज के बीच खेला जाएगा। जबकि 19 फरवरी को केरला स्ट्रीकर्स और तेलगु वरीयर्स के साथ और भोजपुरी दबंग, पंजाब द शेर के साथ आपस में भिड़ेंगे।

गौरतलब है कि सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग का आयोजन 09 वर्षों से किया जा रहा है। रायपुर में होने जा रहे मैच में रितेश देशमुख, सुनील शेट्टी, सोहेल खान, मनोज तिवारी, रवि किशन, सोनू सूद, दिनेश लाल यादव जैसी फ़िल्म हस्तियां खेलती नजर आएंगी। उल्लेखनीय है कि सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री, बॉलीवुड, टॉलीवुड के साथ-साथ तमाम प्रादेशिक फीचर फिल्मों के अभिनेता अपनी-अपनी टीम लेकर पार्टिसिपेट करते हैं। इस वर्ष 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 18 फरवरी को दो मैच और 19 फरवरी को दो मैच होंगे। मैंचों की तैयारियां पूर्ण चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें