Site icon Dainik Savera Times

इस हफ्ते में थिएटर में रहेगा फिल्मों का महा-मुकाबला, हिंदी की 2 और साउथ की 9 फिल्में होंगी रिलीज; देंखे लिस्ट

Theatre Release This Week

Theatre Release This Week

Theatre Release This Week: जनवरी 2026 का आखिरी हफ्ता सिनेमाप्रेमियों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है। महीने के अंत में सिनेमाघरों में हिंदी और साउथ इंडियन फिल्मों की भरमार देखने को मिलेगी। जहां एक तरफ बॉलीवुड की दमदार फिल्मों से दर्शकों को एक्शन और थ्रिल का डोज मिलेगा, वहीं साउथ की फिल्में अलग-अलग जॉनर में मनोरंजन का पूरा पैकेज लेकर आ रही हैं। आइए जानते हैं इस हफ्ते रिलीज होने वाली फिल्मों के बारे में विस्तार से…

मर्दानी 3

रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार डीसीपी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में वापसी कर रही हैं। मर्दानी फ्रेंचाइज़ी की तीसरी किस्त एक बड़े और खतरनाक केस पर आधारित है, जिसमें 93 लड़कियों के लापता होने की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी शिवानी पर होती है। इस बार उनका सामना एक संगठित भिखारी माफिया से होता है। फिल्म को अभिराज मिनावाला ने निर्देशित किया है और यश राज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

मायासभा – द हॉल ऑफ़ इल्यूजन

तुम्बाड फेम निर्देशक राही अनिल बर्वे की यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर एक रहस्यमयी और अंधेरी दुनिया में ले जाती है। कहानी एक बदनाम फिल्म प्रोड्यूसर और उसके बेटे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक जर्जर थिएटर में रहते हैं। वहां छिपे खजाने को लेकर शुरू होता है सस्पेंस और धोखे का खतरनाक खेल। फिल्म 30 जनवरी 2026 को रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें : Border 2 BO Worldwide Day 4: सनी देओल की फिल्म ने रचा इतिहास, महज 4 दिनों में पार किया 200 करोड़ का आंकड़ा

लॉकडाउन

तमिल भाषा की यह ड्रामा फिल्म एक ऐसी महिला की कहानी दिखाती है जो मानसिक डर और असुरक्षा से जूझ रही है। देश में अचानक लगे लॉकडाउन के बाद वह अपने ही घर में कैद हो जाती है, जहां एक अनजानी परछाईं उसकी जिंदगी को और मुश्किल बना देती है। फिल्म का निर्देशन ए.आर. जीवा ने किया है और यह भी 30 जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी।

त्रिमुखा

यह तेलुगु सस्पेंस-क्राइम थ्रिलर एक CID ऑफिसर और एक रिसर्चर की दो अलग-अलग जांचों को दिखाती है, जो एक रहस्यमयी कड़ी से आपस में जुड़ जाती हैं। सीरियल किलर और पैरानॉर्मल घटनाओं का यह कॉम्बिनेशन कहानी को और रोमांचक बनाता है। फिल्म 30 जनवरी को रिलीज होगी।

मेलिसई

तमिल फैमिली ड्रामा मेलिसई एक आम आदमी के बड़े सपनों की कहानी है, जिसे संगीत से बेइंतहा प्यार है। परिवार की जिम्मेदारियों और आर्थिक मुश्किलों के बीच वह अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करता है। फिल्म भावनाओं और संघर्षों का सादा लेकिन असरदार चित्रण करती है।

वलावर

कर्नाटक के खूबसूरत इलाकों में सेट यह कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा एक किसान परिवार के बेटे की कहानी है, जो अपने परिवार, रिश्तों और एक लापता गाय की तलाश के बीच जीवन के अहम सबक सीखता है। फिल्म पारिवारिक मूल्यों और जिम्मेदारियों को संवेदनशील तरीके से दिखाती है।

मोबाइल रील्स बना रहीं युवाओं को सर्वाइकल पेशेंट

प्रकंबनम

मलयालम फिल्म प्रकंबनम कॉलेज हॉस्टल में रहने वाले दोस्तों के ग्रुप की जिंदगी पर आधारित है। शरारतों और कैंपस पॉलिटिक्स के बीच उनकी दुनिया तब बदल जाती है, जब एक चौंकाने वाली घटना सब कुछ उलट-पलट कर देती है। फिल्म दोस्ती, संघर्ष और बदलाव की कहानी कहती है।

अन्य रिलीज़

इनके अलावा इस हफ्ते कई और साउथ फिल्में भी सिनेमाघरों में दस्तक दे रही हैं, जिनमें कन्नड़ फिल्म सीट एज और विकल्प, तेलुगु फिल्म ऊ शांति शांति शांतिहि, और मलयालम फिल्म वलाथु वशथे कल्लन शामिल हैं।

Exit mobile version