Dainik Savera Times

मदर्स डे स्पेशल: इन बॉलीवुड दुल्हनों ने अपनी शादी में मां और सास की विरासत को किया सम्मानित

Mother's Day Special

एंटरटेनमेंट डेस्क: शादियां सिर्फ रस्मों और जश्न का नाम नहीं होतीं, बल्कि भावनाओं, परंपराओं और यादों का खूबसूरत संगम भी होती हैं। यही वजह है कि अपनी शादी को ख़ास बनाते हुए बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने अपने ब्राइडल लुक को और खास बनाते हुए अपनी मां या सास की विरासत से जुड़ी साड़ियां, जूलरी और खास शादी के आउटफिट्स को अपनी शादी का हिस्सा बनाया। इस मदर्स डे पर आइए नज़र डालते हैं उन बॉलीवुड दुल्हनों पर, जिन्होंने फैशन से आगे बढ़कर परिवार के प्यार और विरासत को सम्मान दिया।

सोनाक्षी सिन्हा – मां की साड़ी में बसी यादों की खूबसूरती

अपनी 2024 की इंटिमेट वेडिंग में सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी मां पूनम सिन्हा की शादी की साड़ी पहनी थी। सुर्ख लाल रंग की इस खूबसूरत साड़ी ने उनके ब्राइडल लुक को बेहद भावुक और खास बना दिया था। ऐसे में यह सिर्फ एक आउटफिट नहीं, बल्कि मां-बेटी के रिश्ते और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा का खूबसूरत प्रतीक बन गया था।

करीना कपूर खान – शाही विरासत को फिर से किया जीवित

करीना कपूर खान ने अपनी सास शर्मिला टैगोर को सम्मान देते हुए वही आइकॉनिक गरारा पहना था, जो शर्मिला टैगोर ने वर्ष 1962 में अपनी शादी में पहना था। खास तरीके से रिस्टोर किए गए इस शाही आउटफिट ने करीना के वर्ष 2012 के ब्राइडल लुक को इतिहास, शान और पारिवारिक भावनाओं से जोड़ दिया था। यही वजह है कि करीना का यह लुक, आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार वेडिंग लुक्स में से एक माना जाता है।

कृति खरबंदा – मां और नानी की यादों को रखा अपने करीब

कृति खरबंदा ने वर्ष 2024 में हुई अपनी शादी में अपनी मां का वेडिंग दुपट्टा और अपनी नानी का नेकलेस पहना था। उनका ब्राइडल लुक इस बात का खूबसूरत उदाहरण बना कि खानदानी विरासत सिर्फ गहने नहीं, बल्कि पीढ़ियों का प्यार, आशीर्वाद और यादें अपने साथ लेकर चलते हैं।

सोनम कपूर – मां के गहनों से सजा खास ब्राइडल लुक

फैशन आइकॉन सोनम कपूर ने वर्ष 2018 में हुई अपनी शादी में अपनी मां सुनीता कपूर के जूलरी कलेक्शन के खास गहनों को अपने ब्राइडल लुक का हिस्सा बनाया था। इन खानदानी गहनों ने उनके ग्लैमरस लुक में अपनापन और नॉस्टैल्जिया जोड़ दिया था, जो मां-बेटी के टाइमलेस बॉन्ड को खूबसूरती से दर्शाता है।

प्रियंका चोपड़ा- रिश्तों को जोड़ने वाली भावनात्मक पहल

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी यूँ तो बॉलीवुड और हॉलीवुड का खूबसूरत संगम थी, लेकिन जो एक खास चीज़ देखने को मिली थी, उसने सभी का दिल जीत लिया था। प्रियंका ने अपने ब्राइडल वील में अपनी सास की वेडिंग ड्रेस का एक हिस्सा शामिल किया था। हालांकि यह बेहद छोटा लेकिन काफी अर्थपूर्ण था, जो दो परिवारों के मिलन और रिश्तों की खूबसूरती का प्रतीक बन गया था।

ऐसे में इस मदर्स डे पर, ये बॉलीवुड दुल्हनें हमें याद दिलाती हैं कि ये खूबसूरत किंतु परम्परागत वेडिंग ड्रेस, सिर्फ फैशन का हिस्सा नहीं होते, बल्कि उनमें पीढ़ियों से चली आ रही विरासत की यादों के साथ प्यार भी छिपी होती है।

Exit mobile version