Dainik Savera Times

‘Thug Life’ Movie Review: Kamal Haasan की फिल्म ने बड़े पर्दे पर मचाया धमाल, अभिनय और निर्देशन का बेहतरीन संगम

‘Thug Life’ Movie Review: मुंबई (फरीद शेख) : 38 साल बाद कमल हासन और मणिरत्नम की जोड़ी ने एक बार फिर सिनेमाई इतिहास को छूने की कोशिश की है। लंबे इंतजार के बाद रिलीज हुई ‘ठग लाइफ’ एक इमोशनल, थ्रिल और गैंगस्टर ड्रामा का मिश्रण है, जो दर्शकों को अपने साथ एक अलग ही दुनिया में ले जाती है। इस फिल्म को देखकर यही कहा जा सकता है कि मणिरत्नम ने फिर एक बार दिखा दिया कि वे मानवीय भावनाओं और जटिल रिश्तों को पर्दे पर कितनी खूबसूरती से उतार सकते हैं।

कहानी में गहराई, किरदारों में वजन

‘ठग लाइफ’ की कहानी एक गैंगस्टर रंगराय शक्तिवेल (कमल हासन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने भाई के साथ मिलकर एक आपराधिक साम्राज्य खड़ा करता है। एक पुराने शूटआउट की फ्लैशबैक से शुरू होती ये कहानी दर्शकों को 1998 में ले जाती है, जहां एक पुलिस कार्रवाई में कई जिंदगियां बदल जाती हैं। इस घटना में मारे गए एक अखबार विक्रेता के बेटे अमर (STR) को शक्तिवेल अपनाता है और उसका भविष्य संवारता है, साथ ही उसकी खोई हुई बहन को ढूंढने का संकल्प भी लेता है।

अभिनय: कमल हासन का जादू बरकरार

कमल हासन एक बार फिर साबित करते हैं कि वे क्यों भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अभिनेताओं में गिने जाते हैं। शक्तिवेल के किरदार में उन्होंने अपने अभिनय से जान फूंक दी है—चाहे वो उनके एक्सप्रेशन्स हों, डायलॉग डिलीवरी या बॉडी लैंग्वेज। STR ने अमर के किरदार में गहराई और ऊर्जा भर दी है। उनका इंटेंस स्क्रीन प्रजेंस इस फिल्म को नई ऊंचाई देता है।

सहायक कलाकारों का सशक्त योगदान

तृषा कृष्णन, अभिरामी, नासर, अली फजल, रोहित सराफ, अशोक सेल्वन और ऐश्वर्या लक्ष्मी जैसे कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। विशेषकर अली फजल अपने गंभीर और प्रभावशाली अंदाज़ से अलग छाप छोड़ते हैं। हालांकि कुछ किरदारों को स्क्रिप्ट ने उतना स्पेस नहीं दिया, जितना वे डिज़र्व करते थे यह फिल्म की सबसे बड़ी राइटिंग कमजोरी मानी जा सकती है।

तकनीकी पक्ष: सिनेमैटोग्राफी और संगीत का जादू

फिल्म के विजुअल्स एक क्लासिक अनुभव देते हैं। रवि के चंद्रन की सिनेमैटोग्राफी में शहर का लोकजीवन और गैंगस्टर वर्ल्ड की भव्यता दोनों ही प्रभावशाली ढंग से उभरते हैं। ए.आर. रहमान का संगीत फिल्म की आत्मा है उनका बैकग्राउंड स्कोर कहानी में रोमांच और इमोशन को बखूबी उभारता है।

कमज़ोरियों की बात करें तो…

फिल्म की लंबाई और कुछ हिस्सों की धीमी गति दर्शकों का ध्यान भटका सकती है। साथ ही कुछ किरदारों की कहानी को पूरी तरह से विकसित नहीं किया गया, जो दर्शकों के लिए अधूरा अनुभव दे सकता है।

अंतिम विचार और रेटिंग

‘ठग लाइफ’ एक सिनेमाई अनुभव है जिसे केवल एक फिल्म के तौर पर नहीं, बल्कि एक रचनात्मक यात्रा के रूप में देखा जाना चाहिए। इसमें एक्शन, इमोशन, ड्रामा और शानदार अभिनय का समागम है। हालांकि स्क्रिप्ट कुछ जगहों पर लड़खड़ाती है, लेकिन कमल हासन का प्रदर्शन इसे संजोने लायक बना देता है।

दैनिक सवेरा टाइम्स इस फिल्म को देता है 3.5 स्टार की रेटिंग।

Exit mobile version