Tiger Shroff: अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपनी फिटनेस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने के लिए भी जाने जाते हैं। अभिनेता की नई पोस्ट का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। शनिवार को उन्होंने अपनी फिल्म ‘बागी’ से जुड़ी एक पुरानी शूटिंग रिहर्सल की क्लिप साझा की, जिसमें वह बैंकॉक की सड़कों पर किक-बॉक्सिंग का अभ्यास करते दिखाई दे रहे हैं।
शेयर किए गए इस वीडियो में टाइगर एक्शन सीक्वेंस की तैयारी करते हुए अपने किक-बॉक्सिंग और मार्शल आर्ट्स स्किल्स को बेहतर करते नजर आए। क्लिप सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके जबरदस्त एक्शन और फिटनेस की तारीफ शुरू कर दी। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि टाइगर खुद को भले ही ‘बच्चा’ कहते हैं, लेकिन उनका ‘बीस्ट मोड’ बैंकॉक के स्टंटमैन के लिए भी किसी बुरे सपने से कम नहीं है।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/entertainment/salman-khan-kazi-tauqeer-weekend-ka-vaar-support/
एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने टाइगर को दुनिया का सबसे युवा एक्शन हीरो बताया। इसके अलावा कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में अभिनेता के लिए अपना प्यार जाहिर किया और उनकी एक्शन स्किल्स की तारीफ की। टाइगर की इस क्लिप ने एक बार फिर उनके फैंस को उनकी पुरानी एक्शन फिल्मों की याद दिला दी।
टाइगर श्रॉफ के करियर में ‘बागी’ फ्रेंचाइजी का खास महत्व रहा है। साल 2016 में आई पहली फिल्म का निर्देशन सब्बीर खान ने किया था, जिसमें टाइगर के साथ श्रद्धा कपूर और सुधीर बाबू नजर आए थे। यह टाइगर की पहली फिल्मों में से एक थी, जिसमें उन्होंने बड़े स्तर पर मार्शल आर्ट और एक्शन का प्रदर्शन किया।
इसके बाद 2018 में ‘बागी 2’ रिलीज हुई, जिसे अहमद खान ने निर्देशित किया था। फिल्म में टाइगर के साथ दिशा पटानी और मनोज बाजपेयी अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और फ्रेंचाइजी की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह बनाई। इसके बाद 2020 में ‘बागी 3’ आई, जिसमें अहमद खान ने निर्देशन की कमान संभाली और श्रद्धा कपूर की वापसी हुई, जबकि रितेश देशमुख भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आए।
फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी ‘बागी 4’ साल 2025 में दर्शकों के सामने आई। इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ के साथ संजय दत्त, सोनम बाजवा और हरनाज संधू समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। ‘बागी’ सीरीज ने टाइगर को बॉलीवुड के प्रमुख एक्शन स्टार्स में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

