
TV actor Anuj Thakur passes away: हिंदी टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां, मशहूर टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक दुनिया छोड़ने की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। अनुज के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है।
कई टीवी सीरियल्स में कर चुके थे काम
अनुज ठाकुर टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। अनुज ने ‘बंधन सात जन्मों का’, ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे कई टीवी सीरियल्स में काम किया था। इन धारावाहिकों में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
दोस्त रूपेश सोनार ने दी निधन की जानकारी
अनुज ठाकुर के निधन की जानकारी उनके करीबी दोस्त और टीवी इंडस्ट्री के कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने दी। रूपेश ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अनुज को याद किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि अनुज अब इस दुनिया में नहीं रहे। अनुज उनके लिए सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसे थे। दोनों ने मिलकर कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम करने की योजना बनाई थी।
रूपेश ने आगे लिखा कि उन्होंने अनुज के शुरुआती संघर्षों को करीब से देखा था और उनके करियर के पूरे सफर के गवाह रहे थे। उन्होंने कहा कि जिंदगी का कोई भरोसा नहीं है और अनुज का इतनी जल्दी दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद है। रूपेश ने अपने दोस्त को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
नींद में आया था दौरा, सुबह नहीं उठे अनुज
अनुज ठाकुर की मौत को लेकर उनके दोस्त रूपेश सोनार ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कुछ अहम जानकारी साझा की। रूपेश के मुताबिक, अनुज का निधन करीब तीन दिन पहले हुआ था। उन्होंने बताया कि वह अनुज के घर गए थे और वहां उनके परिवार से मुलाकात की। परिवार से बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि अनुज को रात में सोते समय दौरा पड़ा था। बताया गया कि सुबह करीब 4:30 बजे अनुज के फोन का अलार्म बजा। इसके बाद उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं, लेकिन अनुज नहीं उठे। इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...