एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रेड 2’ की जबरदस्त सफलता से सातवें आसमान पर हैं। अजय देवगन के साथ उनकी यह थ्रिलर फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, बल्कि वाणी के करियर के लिए भी एक नया मुकाम साबित हो रही है।
फिल्म ने रिलीज़ के शुरुआती चार दिनों में ही ₹70.75 करोड़ की कमाई कर ली है और तेज़ी से 100 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है। दर्शकों और समीक्षकों दोनों से मिल रही तारीफ ने फिल्म को कमर्शियल और क्रिटिकल दोनों स्तरों पर हिट बना दिया है। फिल्म की सफलता पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए वाणी कपूर ने कहा, “बॉक्स ऑफिस पर इस तरह की प्रतिक्रिया पाना एक सपना सच होने जैसा है। ‘रेड 2’ जैसी फिल्म का हिस्सा बनकर मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं, जिसे दर्शकों ने खुले दिल से अपनाया है।”
राज कुमार गुप्ता के निर्देशन और अजय देवगन की दमदार मौजूदगी के बीच वाणी ने अपने अभिनय से खास छाप छोड़ी है। उनके मुताबिक, इस फिल्म में काम करना एक सीखने वाला अनुभव रहा। वाणी आगे कहती हैं, “राज सर के साथ काम करना मेरे लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने जिस तरह से फिल्म की गहराई और कहानी को परदे पर उतारा, वह काबिल-ए-तारीफ है। अजय सर के साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे करियर का एक अहम अध्याय रहा।”
फिल्म में वाणी कपूर का किरदार न केवल सशक्त है, बल्कि कहानी के अहम मोड़ों में उसकी मौजूदगी ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया है। समीक्षकों ने उनके अभिनय को “नपे-तुले और प्रभावशाली” कहकर सराहा है। अंत में वाणी ने कहा, “जब दर्शक आपके काम से जुड़ते हैं, तो वह हर थकान, हर संघर्ष को सार्थक बना देता है। ‘रेड 2’ की सफलता मेरे लिए एक नई प्रेरणा है, और मैं आगे भी ऐसी ही सशक्त कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हूं।”
ये भी पढ़ें- देशभर में आज कितनी है LPG सिलेंडर की कीमत? जानें CNG और PNG के रेट

