मुंबई: यशराज फ़िल्म्स की बहुप्रतीक्षित स्पाई थ्रिलर वॉर 2 का ट्रेलर आखिरकार रिलीज़ हो चुका है और रिलीज़ होते ही इसने इंटरनेट पर धूम मचा दी है। ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की ज़बरदस्त टक्कर, जबरदस्त ऐक्शन और रहस्य से भरपूर कहानी ने दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है।
इस बार यशराज स्पाय यूनिवर्स ने अपनी रणनीति बदली है। ट्रेलर में कहानी की झलक तक नहीं दी गई, लेकिन जो सामने आया है, वह है फिल्म की आत्मा – ‘शपथ’। एक काल्पनिक लेकिन बेहद प्रभावशाली शपथ, जिसे फिल्म के दोनों मुख्य किरदार देश सेवा के लिए लेते हैं। यह शपथ न केवल फिल्म के नायक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि एक नई देशभक्ति की भावना भी जागृत करती है।
दो दिग्गज आमने-सामने लेकिन क्यों?
ट्रेलर का सबसे बड़ा सवाल यही है जब दोनों ही योद्धा देश के लिए लड़ रहे हैं, तो फिर एक-दूसरे के खिलाफ क्यों खड़े हैं? ऋतिक और एनटीआर को एक-दूसरे का प्रतिबिंब बताया गया है दोनों ही राष्ट्रभक्त, दोनों ही अद्वितीय योद्धा, लेकिन उनके रास्ते अलग क्यों हैं? यही रहस्य फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है।
फिल्म के लेखक और वाईआरएफ स्पाय यूनिवर्स के क्रिएटिव हेड श्रीधर राघवन ने स्पष्ट किया कि आदित्य चोपड़ा चाहते थे कि फिल्म की कहानी ट्रेलर में उजागर न हो। इसलिए, ट्रेलर को एक संकल्प, एक शपथ के रूप में पेश किया गया – जो हर उस जासूस की पहचान है जो अपने अस्तित्व को मिटा कर देश के लिए जीता है।
‘इंडिया फर्स्ट’ अब सिर्फ नारा नहीं, एक युद्धघोष
श्रीधर राघवन ने बताया कि इस बार ‘इंडिया फर्स्ट’ सिर्फ एक भावना नहीं बल्कि फिल्म का केंद्रीय मंत्र है। यह उन सभी एजेंट्स की आत्मा बन चुका है जो यशराज के स्पाय यूनिवर्स का हिस्सा हैं – एक आदर्श, एक लक्ष्य और एक अंतिम युद्धघोष।
25 साल की विरासत का जश्न
वॉर 2 सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दो सुपरस्टार्स की सिनेमाई विरासत का उत्सव भी है। ऋतिक रोशन और एनटीआर, दोनों ने अपने-अपने इंडस्ट्री में 25 वर्षों की चमकदार यात्रा पूरी की है। वाईआरएफ इस फिल्म के जरिए न केवल एक बड़ा एक्शन ड्रामा पेश कर रहा है, बल्कि इन दो दिग्गजों की अभिनय यात्रा को भी सलाम कर रहा है।
क्या है खास?
अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित यह फिल्म वाईआरएफ स्पाय यूनिवर्स की चौथी पेशकश है।
फिल्म में कियारा आडवाणी भी मुख्य भूमिका में हैं, जिनका किरदार अभी रहस्य बना हुआ है।
यह फिल्म 14 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में वैश्विक स्तर पर रिलीज़ होगी।
दर्शकों का उत्साह चरम पर
ट्रेलर के साथ ही सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़े डायलॉग्स, शपथ और एक्शन सीन्स ट्रेंड करने लगे हैं। विशेष रूप से “मैं अब इंसान नहीं, सिर्फ़ एक हथियार हूँ” जैसे संवाद दर्शकों को बेहद पसंद आ रहे हैं।

