Kangana Ranaut Garba Look: नवरात्रि का त्योहार आते ही गरबा और डांडिया नाइट की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। इस दौरान हर कोई ऐसा आउटफिट पहनना चाहता है, जिसमें ट्रेडिशनल के साथ स्टाइलिश लुक भी मिले। अगर आप भी गरबा नाइट के लिए कुछ खास पहनने की सोच रही हैं, तो कंगना रनौत का लेटेस्ट लुक आपके काम आ सकता है। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर राजस्थानी अंदाज में अपनी तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें उनका पारंपरिक लुक काफी आकर्षक नजर आ रहा है।

मरून लहंगे में दिखा कंगना का शानदार अंदाज
कंगना रनौत ने मरून रंग का राजस्थानी आउटफिट पहना है। उनके लहंगे पर बारीक कढ़ाई, कौड़ियों और शीशों का काम किया गया है। इसके साथ बांधनी और बंधेज डिजाइन आउटफिट को पारंपरिक टच दे रहे हैं। लहंगे की खूबसूरत कारीगरी इसे गरबा नाइट के लिए एक अच्छा फैशन ऑप्शन बनाती है। अगर आप भी इस नवरात्रि कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो मरून रंग के लहंगे के साथ ट्रेडिशनल कढ़ाई वाला आउटफिट चुन सकती हैं।
बैकलेस ब्लाउज ने खींचा ध्यान
कंगना के इस लुक में उनका ब्लाउज भी खास है। ब्लाउज के पीछे डोरी वाला डिजाइन दिया गया है, जो उनके पूरे आउटफिट को स्टाइलिश बना रहा है। पारंपरिक कपड़ों के साथ इस तरह का ब्लाउज आपके लुक में एक अलग अंदाज जोड़ सकता है। अभिनेत्री ने अपने बालों की लंबी चोटी बनाई है और उसे फूलों, रंगीन धागों और सजावटी लटकनों से सजाया है। उनका हेयरस्टाइल राजस्थानी लुक के साथ अच्छी तरह मेल खा रहा है।
भारी चांदी की जूलरी ने बढ़ाई खूबसूरती
कंगना ने अपने आउटफिट के साथ सिल्वर जूलरी पहनी है। उनके गले में बड़ा चांदी का हार है, जिस पर कौड़ियों और खूबसूरत नक्काशी का काम नजर आता है। इसके अलावा उन्होंने हाथों में भारी ब्रेसलेट, बाजूबंद, कानों में बालियां और नाक में नथ पहनी है। अगर आप गरबा नाइट पर ट्रेडिशनल लुक अपनाना चाहती हैं, तो अपने लहंगे के साथ चांदी की जूलरी पहन सकती हैं। इससे आपका लुक और भी आकर्षक दिखाई देगा।
आई मेकअप और छोटी बिंदियों ने पूरा किया लुक
कंगना ने अपने मेकअप को भी ट्रेडिशनल रखा है। आंखों पर डार्क आईलाइनर और काजल लगाया गया है। माथे पर मांग टीका और छोटी-छोटी बिंदियों से बना डिजाइन उनके लुक को खास बना रहा है। अगर आप भी इस नवरात्रि गरबा नाइट में सबसे अलग दिखना चाहती हैं, तो कंगना रनौत के इस राजस्थानी लुक से आइडिया ले सकती हैं। खूबसूरत लहंगा, चांदी की जूलरी, लंबी चोटी और हल्का ट्रेडिशनल मेकअप आपके गरबा लुक को शानदार बना सकते हैं।