नेशनल डेस्क : भारत के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI (भारतीय स्टेट बैंक) ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने लोन की ब्याज दरों में 0.50% की कटौती की है। इसका फायदा नए और मौजूदा दोनों तरह के उधारकर्ताओं को मिलेगा। अब होम लोन से लेकर पर्सनल और बिजनेस लोन तक सस्ते हो जाएंगे। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
RBI ने घटाया रेपो रेट
दरअसल, यह कदम भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा रेपो रेट में 0.50% की कटौती के बाद उठाया गया है। RBI ने 6 जून को रेपो रेट घटाकर 5.5% कर दिया था। इसी के आधार पर बैंकों ने भी लोन की ब्याज दरें कम करनी शुरू कर दी हैं।
नई दरें क्या होंगी ?
SBI ने दो तरह की दरों में बदलाव किया है…
-रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) – 0.50% घटाकर 7.75% कर दी गई है
-एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट (EBLR) – 8.65% से घटाकर 8.15% कर दी गई है
कब से लागू हुई नई दरें ?
15 जून 2025 से SBI की नई ब्याज दरें लागू हो चुकी हैं। इसका मतलब है कि अब से मिलने वाले नए लोन और मौजूदा फ्लोटिंग रेट वाले लोन सस्ते हो जाएंगे।
अब कितने प्रतिशत पर मिलेगा होम लोन ?
आपको बता दें कि SBI की वेबसाइट के मुताबिक, अब होम लोन 7.50% से शुरू होकर 10.55% तक की ब्याज दर पर मिल रहे हैं। इससे उन लोगों को फायदा होगा जो नया घर खरीदना चाहते हैं या अपने मौजूदा होम लोन का रीफाइनेंस कराना चाहते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि SBI के सभी होम लोन EBLR से लिंक होते हैं, इसलिए जब भी इसमें बदलाव होता है, उसका सीधा असर लोन की EMI पर पड़ता है।
कौन-कौन से ग्राहक होंगे लाभान्वित?
SBI की ब्याज दर में कटौती का लाभ मिलेगा…
-होम लोन लेने वालों को
-कार/बाइक लोन लेने वालों को
-पर्सनल लोन लेने वालों को
-MSME (सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम) सेक्टर के उधारकर्ताओं को
RBI पहले भी कर चुका है कटौती
RBI ने पिछले 5 महीनों में तीसरी बार रेपो रेट में कटौती की है…
-फरवरी 2025 में: 0.25% की कटौती
-अप्रैल 2025 में: 0.25% की कटौती
-जून 2025 में: 0.50% की कटौती
इसके साथ ही 6 जून को RBI ने नकद आरक्षित अनुपात (CRR) को भी 1% घटाकर 3% कर दिया। इससे बैंकों के पास लोन देने के लिए ज्यादा पैसे उपलब्ध होंगे। अगर आप नया लोन लेने का सोच रहे हैं या आपके पास पहले से कोई फ्लोटिंग रेट लोन है, तो SBI की इस कटौती से आपकी EMI कम हो सकती है। यह समय हो सकता है होम लोन ट्रांसफर या नया लोन लेने का सबसे अच्छा मौका हो।

