Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भीषण सड़क हादसा, बस और LPG टैंकर की टक्कर में 10 लोगों की मौत

क्वेटा: बलूचिस्तान के मकरान कोस्टल हाइवे पर तुर्बत से कराची जा रही एक यात्री बस की एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) ले जा रहे एक टैंकर से टक्कर हो गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा गुरुवार को पसनी और ओरमारा के बीच बासोल के पास हुआ।

हादसे के बाद वाहनों में आग लग गई, जिससे दोनों वाहन पूरी तरह जल गए। पुलिस, बचाव दल और ओरमारा नगर समिति के दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, वाहनों में कुल कितने यात्री सवार थे और हादसे का सटीक कारण क्या था, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। मानवाधिकार संगठन ‘बलूच यकजेहती कमिटी’ (बीवाईसी) की सदस्य सम्मी दीन बलूच ने इस दुखद घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पाकिस्तानी सरकार पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया।

सम्मी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “बलूचिस्तान के खतरनाक राजमार्गों पर, चाहे वह क्वेटा-कराची राजमार्ग हो या कराची-तर्बत मार्ग, लगातार हो रही मौतें सरकार की लापरवाही और जनता की जरूरतों के प्रति उसकी उदासीनता का स्पष्ट उदाहरण हैं। खराब ट्रैफिक प्रबंधन, कानूनों का पालन न होना, असुरक्षित यात्रा व्यवस्था और दशकों से ज्यों के त्यों बने सिंगल-लेन राजमार्ग इन हादसों के मुख्य कारणों में से हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “रेकोडेक, सैंदक, सुई गैस और बलूचिस्तान के अन्य संसाधनों ने दूसरे प्रांतों को मोटरवे और न जाने क्या-क्या दिया है, लेकिन ये बलूच लोगों की किस्मत नहीं बदल पाए। जिस सरकार ने सीपीईसी के नाम पर ग्वादर को अरबों में बेच दिया, वह बलूचिस्तान में राजमार्गों को सिंगल-लेन से डबल-लेन में बदलने और जनता के लिए सफर को सुरक्षित बनाने जैसे बुनियादी कदम भी नहीं उठा सकी।”

सम्मी ने कहा, “कोई भी राजमार्ग सुरक्षित नहीं है और किसी भी यात्री के अपनी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचने की कोई गारंटी नहीं है। इन जानलेवा राजमार्गों पर होने वाले हादसे एक लगातार चलने वाली मानवीय त्रासदी बन गए हैं।” सम्मी ने कहा कि बलूचिस्तान सरकार भले ही रोज विकास के दावे करती हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। लोग सुरक्षित सफर जैसी बुनियादी सुविधा से भी वंचित हैं और परिवारों को हर दिन अपने अपनों के शव उठाने पड़ रहे हैं।

इस बीच बलोच नेशनल मूवमेंट (बीएनएम) के चेयरमैन नसीम बलोच ने भी इस घटना पर चिंता जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, “यह दिल तोड़ने वाली बात है कि हमारे अपने राजमार्गों पर सफर करना भी अब जिंदगी और मौत का सवाल बन गया है। ये हादसे महज दुर्घटनाएं नहीं हैं, बल्कि ये इस बात को भी उजागर करते हैं कि पाकिस्तान, जो एक कब्जा करने वाली सत्ता है, हमें हर मोर्चे पर खत्म करना चाहता है। बलूचिस्तान के लोग आजादी, सम्मान, सुरक्षा, न्याय और एक सुरक्षित जीवन के हकदार हैं, न कि ऐसे भविष्य के, जो लोगों के लापता होने, हिरासत में मौतों और ऐसी त्रासदियों से भरा हो, जिन्हें रोका जा सकता था।”

Exit mobile version