इस्लामाबाद : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक प्रमुख अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में बुधवार को भीषण आग लगने से कम से कम 14 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। यह आग राजधानी इस्लामाबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल ‘पाकिस्तान इंस्टीच्यूट ऑफ मैडीकल साइंसेज’ (पीआईएमएस) में सुबह करीब 7 बजे लगी। पीआईएमएस प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि जिस वार्ड में आग लगी, उसमें 15 नवजात शिशु थे।
उन्होंने कहा, एक डॉक्टर ने कम से कम एक नवजात शिशु को बचा लिया। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान में दमकल की 6 गाड़ियां और 4 एंबुलैंस तैनात की गईं। आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। घटना की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई है। पीआईएमएस प्रवक्ता जलील ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।

