चेम्मनी (श्रीलंका): श्रीलंका के युद्धग्रस्त उत्तरी क्षेत्र में सामूहिक कब्र का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जाफना शहर के पास चेम्मनी इलाके में एक श्मशान घाट से खुदाई के दौरान शिशु की बोतल, खिलौना, स्कूल बैग और कुल 141 मानव कंकाल बरामद हुए हैं। इनमें से कई कंकाल अलग-अलग उम्र के बच्चों के प्रतीत हो रहे हैं। यहां जून में एक विद्युत शवदाह गृह बनाने के लिए खुदाई शुरू की गई थी। तभी मजदूरों को मानव अवशेष मिले। इसके बाद से क्षेत्र में खुदाई जारी है।
अब तक 165 वर्ग मीटर क्षेत्र से 19 समूहों में 141 कंकाल निकाले जा चुके हैं। अदालत को सौंपी गई शुरूआती रिपोर्ट में कहा गया है कि शवों को बेतरतीब तरीके से दफनाया गया था और कपड़ों की अनुपस्थिति यह संकेत देती है कि यह एक सामूहिक कब्र थी।
मृतकों की पहचान, मौत का कारण और समय अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, माना जा रहा है कि ये वही नागरिक हो सकते हैं जो 1983 से 2009 तक चले श्रीलंका के गृहयुद्ध के दौरान लापता हुए थे। यह युद्ध सरकारी सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच छिड़ा था, जो स्वतंत्र मातृभूमि की मांग कर रहे थे। मानवाधिकार कार्यकर्ता ब्रिटो फर्नांडो का कहना है, ‘हम अभी यह नहीं कह सकते कि अपराधी कौन हैं, लेकिन उंगली सेना की ओर उठ रही है।’
ये भी पढ़ें : BSE का ऐलान, 14 मार्च को Equity, Currency और Commodity में Mock Trading Session

