Site icon Dainik Savera Times

भारत-पाकिस्तान के 2 नेताओं ने सैन्य संघर्ष रोकने का ‘निर्णय’ लिया था : ट्रंप

न्यूयार्क/वाशिंगटन: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के 2 ‘बहुत समझदार’ नेताओं ने एक ऐसे युद्ध को रोकने का ‘निर्णय’ लिया जो परमाणु युद्ध में बदल सकता था। पिछले कुछ हफ्तों में यह पहली बार है जब ट्रंप ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच संघर्ष रोकने का श्रेय खुद नहीं लिया है। ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाऊस में पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की दोपहर के भोजन पर मेजबानी करने के बाद ओवल कार्यालय में मीडिया से बातचीत में ये टिप्पणियां कीं। अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह मुनीर से मुलाकात कर ‘सम्मानित’ महसूस कर रहे हैं। यह पूछने पर कि क्या मुनीर के साथ हुई बैठक में ईरान पर चर्चा की गई, ट्रंप ने कहा, ‘खैर, वे ईरान को बहुत अच्छी तरह, ज्यादातर लोगों से बेहतर जानते हैं और वे किसी भी चीज से खुश नहीं हैं।

ऐसा नहीं है कि इसराइल के साथ उनके खराब रिश्ते हैं। वे असल में दोनों को जानते हैं लेकिन शायद वे ईरान को बेहतर जानते हैं लेकिन वे देख रहे हैं कि क्या चल रहा है और उन्होंने मुझसे सहमति जताई है।’ ट्रंप ने कहा, ‘मैं उन्हें यहां इसलिए बुलाना चाहता था कि मैं युद्ध न करने, संघर्ष खत्म करने के लिए उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। जैसा कि आप जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ समय पहले यहां से गए हैं और हम भारत के साथ एक व्यापार समझौते पर काम कर रहे हैं इसलिए भी मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। हम पाकिस्तान के साथ व्यापार समझौते पर काम कर रहे हैं।’

ये भी पढ़ें- दिल्ली बजट 2026-27 की हुई तारीफ, शिक्षा मंत्री ने बताया जनता और पर्यावरण दोनों के अनुकूल

Exit mobile version