Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

नैरोबी में शुरू हुआ 2025 चाइना एनिमेशन फ़िल्म फ़ेस्टिवल

November 12, 2025

नैरोबी में शुरू हुआ 2025 चाइना एनिमेशन फ़िल्म फ़ेस्टिवल

मंगलवार को केन्या की राजधानी नैरोबी में स्थित नैरोबी विश्वविद्यालय के कन्फ़्यूशियस इंस्टीट्यूट में 2025 चाइना एनिमेशन फ़िल्म फ़ेस्टिवल का भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह में चीनी दूतावास के मंत्री-परामर्शदाता थांग च्यानचुन, केन्या फ़िल्म कमीशन के प्रतिनिधि, नैरोबी विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

उद्घाटन समारोह के दौरान कन्फ़्यूशियस इंस्टीट्यूट के शिक्षकों और छात्रों ने लोकप्रिय चीनी एनिमेशन फ़िल्मों के क्लासिक थीम गीतों की प्रस्तुति दी। छात्रों ने चीनी एनिमेशन पर आधारित खेलों में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और उत्साह का परिचय दिया। कई छात्रों ने चीनी एनिमेटेड फ़िल्मों के साथ अपने यादगार अनुभव साझा किए, जिससे चीनी संस्कृति और सिनेमा के प्रति उनकी गहरी दिलचस्पी झलकी।

फ़ेस्टिवल के पहले दिन चीनी एनिमेशन फ़िल्म ‘छांग आन: थ्री वंडरलैंड्स’ दिखाई गई। इस फ़िल्म ने छात्रों पर गहरा प्रभाव छोड़ा। उन्होंने कहा कि इस फ़िल्म के माध्यम से उन्होंने न केवल चीनी एनिमेशन की उत्कृष्ट तकनीकी गुणवत्ता को महसूस किया, बल्कि चीनी कविता, संस्कृति और ऐतिहासिक पात्रों के प्रति उनकी जिज्ञासा और रुचि भी बढ़ी।

यह एनिमेशन फ़िल्म फ़ेस्टिवल 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान केन्या के कई विश्वविद्यालयों के कन्फ़्यूशियस इंस्टीट्यूट में छात्रों और शिक्षकों के लिए चीन की कई चर्चित एनिमेशन फ़िल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इनमें ‘न्यू गॉड लिस्ट: यांग च्यान’,( New God List • Yang Jian) ‘आई एम व्हाट आई एम 2’ (I Am What I Am 2)  और ‘बूनी बियर्स: फ्यूचर रिबॉर्न’ (Boonie Bears: Future Reborn) जैसी लोकप्रिय फिल्में शामिल हैं। गौरतलब है कि यह फ़ेस्टिवल चीन-केन्या संस्कृति और पर्यटन सीज़न की प्रमुख गतिविधियों में से एक है। इसका आयोजन चीनी दूतावास, चाइना फ़िल्म आर्काइव और केन्या फ़िल्म कमीशन के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।  

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें