Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 22 संदिग्ध आतंकवादियों को किया गया गिरफ्तार

लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने आईएसआईएस, टीटीपी और अन्य प्रतिबंधित संगठनों के 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल करने का शनिवार को दावा किया। आतंकवाद-निरोधक विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, इस सप्ताह पुलिस ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर पंजाब के विभिन्न जिलों में अभियान चलाया तथा आईएसआईएस, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी), बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और लश्कर-ए-झांगवी (एलईजे) के 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि इन कथित आतंकवादियों को लाहौर, एटक, शेखपुरा, मुजफ्फरगढ़, ननकाना साहिब, बहावलपुर, डी जी खान, फैसलाबाद, मुल्तान, बहावलनगर और रावलिपंडी जैसे क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता के अनुसार, संदिग्धों के पास से कथित रूप से 1645 ग्राम विस्फोटक, तीन हथगोले, एक आईईडी बम, 12 डिटोनेटर, एक पिस्तौल और प्रतिबंधित साहित्य सामग्री बरामद की गयी। उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार किये गये आतंकवादियों ने पंजाब में गड़बड़ी फैलाने की साजिश रची थी और वे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं हस्तियों को निशाना बनाना चाहते थे।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने आतंकवादियों के खिलाफ 19 मामले दर्ज किये हैं और उन्हें पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।

Exit mobile version