Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान की फिर हुई बेइज्जती, Saudi Arabia ने भीख मांग रहे 24 हजार पाकिस्तानियों को निकाला

Pakistani Beggar Gangs : इंटरनेशनल डेस्क। सऊदी अरब ने इस साल करीब 24,000 पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर भेज दिया है। इन सभी पर आरोप है कि वे सऊदी अरब में भीख मांगकर जीवन यापन कर रहे थे। यह जानकारी पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) के प्रमुख रिफ्फत मुख्तार ने संसद की एक समिति को दी। वहीं, FIA के मुताबिक, ये लोग उमराह और टूरिस्ट वीजा लेकर सऊदी अरब पहुंचे थे, लेकिन वहां जाकर मक्का और मदीना जैसे पवित्र स्थलों के आसपास भीख मांगने लगे। धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसी का फायदा उठाकर ये लोग भीख मांगते थे।

सिर्फ इस साल 24 हजार से ज्यादा लोग लौटाए गए
अधिकारियों के अनुसार, सिर्फ 2025 में ही सऊदी अरब ने 24 हजार से अधिक पाकिस्तानियों को भीख मांगने के आरोप में वापस भेजा है। यह आंकड़ा दिखाता है कि समस्या कितनी गंभीर हो चुकी है।

पाकिस्तानी नागरिकों पर बढ़ी सख्त निगरानी
विदेशों में संगठित भीख मांगने और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चिंताओं के चलते सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तानी नागरिकों पर निगरानी और सख्त कर दी है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि इससे पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंच रहा है।

यूएई ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा पर लगाई रोक!
सिर्फ सऊदी अरब ही नहीं, बल्कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी कई पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। यूएई का कहना है कि कुछ लोग देश में आने के बाद आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो रहे थे, जिस कारण यह कदम उठाया गया।

FIA के आंकड़े बताते हैं समस्या की गंभीरता
FIA के आंकड़ों से पता चलता है कि हालात काफी चिंताजनक हैं। साल 2025 में हवाई अड्डों पर 66,154 यात्रियों को रोका गया, ताकि भीख मांगने वाले गिरोहों और अवैध प्रवासन को रोका जा सके।

ये भी पढ़ेंः घने कोहरे के चादर में लिपटी राजधानी, हवाई व रेल सेवाएं प्रभावित… यात्रियों के लिये एडवाइजरी जारी

सिर्फ खाड़ी देश नहीं, अन्य देशों में भी सामने आए मामले
FIA प्रमुख रिफ्फत मुख्तार ने बताया कि यह समस्या केवल खाड़ी देशों तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका, यूरोप, कंबोडिया और थाईलैंड जैसे देशों में भी टूरिस्ट वीजा के दुरुपयोग के मामले सामने आए हैं।

अजरबैजान ने भी 2500 पाकिस्तानी भिखारियों को लौटाया
रिफ्फत मुख्तार के अनुसार सऊदी अरब – 24,000 लोग वापस, दुबई (UAE) – करीब 6,000 लोग लौटाए गए, अजरबैजान – लगभग 2,500 पाकिस्तानी भिखारी वापस भेजे गए।

उमराह वीजा के दुरुपयोग पर सऊदी अरब की चेतावनी
साल 2024 में सऊदी अरब ने पाकिस्तान से औपचारिक रूप से अनुरोध किया था कि वह उमराह वीजा का गलत इस्तेमाल करने वाले लोगों को रोके। सऊदी अरब के धार्मिक मामलों के मंत्रालय ने चेतावनी दी थी कि अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो पाकिस्तानी उमराह और हज यात्रियों को भविष्य में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

देखें वीडियोः कश्मीर में शुरू होने वाला है ‘चिल्लई कलां,ये ठंड जितनी डरावनी है, उतनी ही खूबसूरत भी

Exit mobile version