Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

इराक में फंसी हैं पंजाब की 25 लड़कियां, वापस लौटी युवती ने सुनाई दर्द-ए-दास्तां

October 29, 2025

इराक में फंसी हैं पंजाब की 25 लड़कियां, वापस लौटी युवती ने सुनाई दर्द-ए-दास्तां

पंजाब डेस्क: विदेश में मोटी तनख्वाह और शानदार जिंदगी का सपना दिखाकर ट्रैवल एजेंट पंजाब के युवाओं को धोखा दे रहे हैं। पहले ये एजेंट कनाडा और अमेरिका जैसी जगहों का लालच देते हैं, लेकिन असल में उन्हें खाड़ी देशों जैसे इराक, कुवैत या दुबई भेज देते हैं। वहां जाकर जब असलियत सामने आती है, तो सारे सपने टूट जाते हैं। ऐसा ही मामला पंजाब के मोगा जिले से सामने आया है, जहां की एक 29 साल की युवती इराक से दर्दनाक हालात में वापस लौटी है। राज्यसभा सदस्य बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल के हस्तक्षेप के बाद उसे भारत वापस लाया गया। युवती ने जो कहानी सुनाई, उसने सबको हिला दिया।

ये भी पढ़ें: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का करीबी दानिश चिकना गिरफ्तार, ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश

60 हजार सैलरी और 4 दिन छुट्टी का लालच

इराक समेत खाड़ी देशों में घरेलू नौकर और नौकरानियों की भारी मांग है। पंजाब के कई ट्रैवल एजेंट इसी का फायदा उठाकर गांव की गरीब लड़कियों को बहकाते हैं। उन्हें कहा जाता है कि उन्हें 60,000 रुपये महीने की नौकरी मिलेगी, 4 दिन छुट्टी मिलेगी और परिवार से बात करने की इजाजत भी होगी। मोगा की यह युवती भी जनवरी 2024 में ऐसे ही झांसे में फंस गई। जगराओं के एक एजेंट ने उसे सिलाई के काम की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। गरीबी से तंग आकर युवती ने एजेंट की बातों पर भरोसा कर लिया और इराक चली गई।

इराक पहुंचते ही युवती को पता चला कि सब झूठ था। उसे सिलाई के काम की बजाय एक घर में नौकरानी बना दिया गया। पहले ही दिन उसका पासपोर्ट और सामान छीन लिया गया। वहां उसे सुबह से रात तक काम करना पड़ता था, खाने को सिर्फ सूखी रोटी मिलती थी और आराम करने की इजाजत भी नहीं थी। युवती ने बताया कि मालिक अक्सर उसकी पिटाई करता था और एक बार उसने गलत हरकत करने की कोशिश भी की। विरोध करने पर उसे डंडे से मारा गया, जब तक डंडा टूट नहीं गया। तबीयत बिगड़ने पर भी इलाज नहीं कराया गया।

सोशल मीडिया के जरिए बची जान

8 अगस्त को युवती ने किसी तरह सोशल मीडिया के जरिए बाबा सीचेवाल से संपर्क किया और अपनी आपबीती बताई। सीचेवाल ने तुरंत विदेश मंत्रालय को जानकारी दी और लगातार संपर्क बनाए रखा। आख़िरकार 28 सितंबर को युवती को भारत वापस लाया गया।

अभी भी फंसी हुई हैं 20-25 पंजाबी लड़कियां

वापसी के बाद युवती ने बताया कि इराक में उसके साथ पंजाब की करीब 20-25 और लड़कियां भी फंसी हुई हैं। सभी को ट्रैवल एजेंटों ने झूठे वादों से विदेश भेजा और अब वे वहीं जुल्म झेलने को मजबूर हैं। मैं तो किसी तरह बच गई, लेकिन बाकी लड़कियां अभी वहां इंसान से भी बदतर जिंदगी जी रही हैं।

VD : दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण खतरे में, AQI ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज

बाबा सीचेवाल की अपील

राज्यसभा सदस्य बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल ने इस पूरे मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसे ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जो गरीब युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर मानव तस्करी जैसा गंदा धंधा चला रहे हैं। उन्होंने विदेश मंत्रालय और पंजाब सरकार से भी अपील की है कि इराक में फंसी अन्य लड़कियों को जल्द से जल्द वापस लाने की कोशिश की जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें