इंटरनेशनल डेस्क: नेपाल के पूर्वी हिस्से में आज तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र (NEMRC) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई।
भूकंप का केंद्र संखुवासभा जिले के टोपके गोला क्षेत्र में था, जो काठमांडू से लगभग 400 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। झटके सुबह 3 बजकर 18 मिनट पर आए, जब अधिकांश लोग नींद में थे। अचानक आए झटकों के कारण लोग घरों से बाहर भागते हुए दिखाई दिए।
प्रभावित जिलों में स्थिति
संखुवासभा के अलावा भोजपुर, पंचथर, तेहरथुम और ताप्लेजंग जिले में भी लोगों ने धरती कांपते हुए महसूस किया। स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल किसी तरह के गंभीर नुकसान की सूचना नहीं दी है, लेकिन लोगों में भय का माहौल देखा गया।
ये भी पढ़ें:
सिक्किम में भी झटके
नेपाल के अलावा भारत के पड़ोसी राज्य सिक्किम में भी गुरुवार को दो भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। पहला झटका 4.6 तीव्रता का सुबह 11 बजकर 24 मिनट पर ग्यालशिंग जिले के युक्सोम के पास आया। इसके बाद दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर मांगन जिले में 3.5 तीव्रता वाला दूसरा झटका महसूस किया गया। दोनों झटकों की गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी।
भूकंप विशेषज्ञों का कहना है कि क्षेत्र पूर्व में भूकंपीय रूप से संवेदनशील है, और छोटे झटके आम हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार हैं।

