Site icon Dainik Savera Times

भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी सवारियों से भरी बस, 40 यात्रियों की दर्दनाक मौत

Pakistan Bus Accident

Pakistan Bus Accident

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान की सीमा के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बलूचिस्तान के दाना सर इलाके में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बस हाईवे पर तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से फिसलकर नीचे पत्थरों से भरी गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की विस्तृत जांच की जा रही

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस पहले से ही पूरी तरह भरी हुई थी। रास्ते में खराब हुई एक दूसरी बस के यात्रियों को भी इसी बस में बैठा लिया गया था। इससे बस अपनी तय क्षमता से कहीं ज्यादा यात्रियों को लेकर चल रही थी। अधिकारियों का मानना है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। मृतकों की पहचान करने का काम भी जारी है।

पाकिस्तान राष्ट्रपति ने हादसे पर दुख जताया 

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि पाकिस्तान में खराब सड़कें, यातायात नियमों का सही तरीके से पालन न होना और तेज रफ्तार वाहन चलाना अक्सर बड़े सड़क हादसों की वजह बनते हैं। खासकर पहाड़ी इलाकों में इस तरह की दुर्घटनाएं बार-बार सामने आती रहती हैं। इससे पहले मई महीने में भी उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक मिनीबस खड़ी बस से टकरा गई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी और 5 लोग घायल हुए थे।

Exit mobile version