Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

UAE में सिक्योरिटी गार्ड की चमकी किस्मत, 78 करोड़ की लॉटरी जीती

June 10, 2026

UAE में सिक्योरिटी गार्ड की चमकी किस्मत, 78 करोड़ की लॉटरी जीती

Tayyab Khan wins lottery Rs 78 crore: कहते हैं कि जब किस्मत मेहरबान होती है तो इंसान की जिंदगी पलभर में बदल जाती है। ऐसा ही कुछ नेपाल के 25 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड तैय्यब खान के साथ हुआ। यूएई की राजधानी अबू धाबी में नौकरी करने वाले तैय्यब और उनके चार दोस्तों ने मिलकर 78 करोड़ रुपये की लॉटरी जीत ली।

पांचों दोस्तों ने मिलकर खरीदा था टिकट 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पांचों दोस्तों ने मिलकर एक लॉटरी टिकट खरीदा था। टिकट की कीमत 50 दिरहम (करीब 1300 रुपये) थी, जिसमें सभी ने बराबर योगदान दिया था। बाद में इसी टिकट ने उन्हें 30 मिलियन दिरहम (लगभग 78 करोड़ रुपये) का जैकपॉट दिला दिया।

हर दोस्त के हिस्से में करीब 15 करोड़ रुपये आए

सबसे खास बात यह रही कि जीतने वाली रकम को पांचों दोस्तों ने बराबर-बराबर बांटने का फैसला किया। इस तरह हर दोस्त के हिस्से में करीब 15 करोड़ रुपये आए। तैय्यब खान को अपनी इस बड़ी जीत की जानकारी उस समय मिली जब वह बकरीद की छुट्टियों के दौरान नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। 27 मई को लॉटरी का ड्रॉ निकला था। जहां लाखों लोग ड्रॉ का लाइव प्रसारण देख रहे थे, वहीं तैय्यब अपनी ड्यूटी में व्यस्त थे।

ईमेल के जरिए लॉटरी जीतने की सूचना मिली

कुछ समय बाद उन्हें ईमेल के जरिए लॉटरी जीतने की सूचना मिली। शुरुआत में उन्होंने इस संदेश पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, क्योंकि पहले भी उन्हें लॉटरी में छोटे-मोटे इनाम मिल चुके थे। लेकिन जब उन्होंने ईमेल को ध्यान से पढ़ा, तो उन्हें पता चला कि उन्होंने अपने दोस्तों के साथ करोड़ों रुपये का जैकपॉट जीत लिया है।

रकम जीतने की खबर पर पहले यकीन ही नहीं हुआ

इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर पर उन्हें पहले यकीन ही नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने लॉटरी संचालकों से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि की। पुष्टि होने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एक साधारण सिक्योरिटी गार्ड से करोड़पति बने तैय्यब खान की यह कहानी आज कई लोगों के लिए प्रेरणा और चर्चा का विषय बन गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें