Site icon Dainik Savera Times

चीन-कोमोरेस: राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ पर दोनों राष्ट्रपतियों ने एक-दूसरे को दी बधाई

इंटरनेशनल डेस्क : चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और कोमोरेस के राष्ट्रपति अज़ाली असौमानी ने 13 नवंबर को दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे।

अपने बधाई संदेश में, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने ज़िक्र किया कि चीन कोमोरेस के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाला पहला देश था। उन्होंने कहा कि आधी सदी से, अंतर्राष्ट्रीय स्थिति में आए बदलावों के बावजूद, चीन-कोमोरेस संबंधों का स्वस्थ और स्थिर विकास निरंतर जारी रहा है। हाल के वर्षों में, दोनों देशों के बीच राजनीतिक आपसी विश्वास मज़बूत हुआ है, और विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग से फलदायी परिणाम प्राप्त हुए हैं, जिसने बड़े और छोटे देशों के बीच समान व्यवहार और एकजुटता का एक उत्कृष्ट उदाहरण स्थापित किया है।

राष्ट्रपति शी ने आगे कहा कि वह चीन-कोमोरेस संबंधों के विकास को अत्यधिक महत्व देते हैं और राष्ट्रपति अज़ाली के साथ मिलकर साझा प्रयास करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य है कि राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ का लाभ उठाकर पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाया जाए, चीन-अफ्रीका सहयोग मंच के पेइचिंग शिखर सम्मेलन के परिणामों के कार्यान्वयन को बढ़ावा दिया जाए, चीन-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी के अर्थ को निरंतर समृद्ध किया जाए, और नए युग में साझा भविष्य वाले सर्व-मौसम चीन-अफ्रीका समुदाय के निर्माण में अधिक योगदान दिया जाए।

वहीं, राष्ट्रपति अज़ाली ने अपने बधाई संदेश में कहा कि राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से पिछले 50 वर्षों में, कोमोरेस और चीन ने आपसी सम्मान और विश्वास बनाए रखा है, हमेशा एक साथ खड़े रहे हैं, और एक ठोस व स्थायी मित्रता का निर्माण किया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि द्विपक्षीय सहयोग के फलदायी परिणामों ने कोमोरेस के लोगों के जीवन में गहरा बदलाव लाया है।

उन्होंने आगे कहा कि आज की दुनिया में, उथल-पुथल और अनिश्चितता के बीच, राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा वकालत में संप्रभुता का सम्मान करने, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और सहयोग व उभय जीत वाली अवधारणा ने कोमोरेस सहित वैश्विक दक्षिण के देशों को प्रेरित किया है। कोमोरेस चीन द्वारा प्रस्तावित शांतिपूर्ण, न्यायपूर्ण और बहुध्रुवीय विश्व के निर्माण वाले दृष्टिकोण का प्रशंसक है, और मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय की अवधारणा से प्रेरित होकर, सतत और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए चीन के साथ काम करना चाहता है, ताकि अफ्रीका और चीन के बीच एकजुटता व सहयोग तथा आम समृद्धि को बढ़ावा देने में उचित योगदान दे सकें।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version