
50th National Day : लाओस पीपल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी की केंद्रीय कमेटी और लाओस सरकार के निमंत्रण पर, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (CPPCC) की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष वांग हुनिंग ने सोमवार से बुधवार तक चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए लाओस की आधिकारिक मैत्रीपूर्ण यात्रा की है और लाओस की स्थापना की 50वीं वर्षगाँठ समारोह में भाग लिया।
यात्रा के दौरान, उन्होंने विएंटियन में लाओस के शीर्ष नेताओं— महासचिव व राष्ट्रपति थोंगलून सिसौलिथ, प्रधानमंत्री सोनक्से सिपहंडोन और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सैसमोन खोमफिसेथ से अलग-अलग मुलाकातें कीं और लाओस फ्रंट फॉर नेशनल डेवलपमेंट के अध्यक्ष सिनलावोन खुतफायतुन के साथ वार्ता की।
महासचिव थोंगलून से मुलाकात में, वांग हुनिंग ने चीनी राष्ट्रपति व कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव शी चिनफिंग का शुभकामना संदेश प्रेषित किया और लाओस के 50वें राष्ट्रीय दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि चीन लाओस के साथ मिलकर दोनों देशों के शीर्ष नेताओं द्वारा निर्धारित रणनीतिक दिशा को लागू करना चाहता है, एक-दूसरे के मूल हितों में दृढ़ समर्थन जारी रखना चाहता है और उच्च-स्तरीय चीन-लाओस समुदाय के साझा भविष्य के निर्माण को गति देना चाहता है।
थोंगलून ने चीनी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लाओस चीन द्वारा दी गई निरंतर सहायता का हमेशा आभारी है। उन्होंने कहा कि चीन-लाओस संबंध वर्तमान में सर्वोत्तम स्तर पर हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग से लाओस के लोगों को व्यापक लाभ मिल रहा है। लाओस एक चीन सिद्धांत का पालन करता है और चीन के आंतरिक मामलों में किसी भी हस्तक्षेप का विरोध करता है।
अन्य लाओस नेताओं से मुलाकातों में, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने, व्यावहारिक सहयोग का विस्तार करने और आपसी विकास को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।
यात्रा के दौरान, वांग हुनिंग ने लाओस के 50वें राष्ट्रीय दिवस के जन सभा और सैन्य परेड में भाग लिया, लाओस के अज्ञात सैनिक स्मारक पर पुष्पहार अर्पित किया, चीन-लाओस रेलवे के विएंटियन स्टेशन का निरीक्षण किया और चीन-लाओस रेलवे के परिचालन की चौथी वर्षगांठ के स्मरणोत्सव में भी भाग लिया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...