1951 में अपनी शांतिपूर्ण मुक्ति से लेकर 1965 में शीत्सांग (तिब्बत) स्वायत्त प्रदेश की स्थापना तक, और अब अपनी 60वीं वर्षगांठ पर, “विश्व की छत” ने ठोस परिवर्तन देखे हैं और “कुछ ही दशकों में सहस्राब्दियों तक फैली” एक गाथा लिखी है। इस पूरी यात्रा में, शीत्सांग ने न केवल विभिन्न जातीय समूहों के अपने लोगों को बेहतर जीवन जीने में सक्षम बनाया है, बल्कि अपने खुलेपन के माध्यम से,दुनिया के सामने चीन की क्षेत्रीय जातीय स्वायत्तता प्रणाली की सफलता का भी प्रदर्शन किया है।
आर्थिक छलांग: “अलग-थलग” से “दुनिया से जुड़ाव” की ओर
साठ साल पहले, शीत्सांग की आर्थिक बुनियाद कमज़ोर थी और कृषि एवं पशुपालन उत्पाद स्थानीय वितरण तक ही सीमित थे। आज, विकास पूरी तरह से अलग है। 2024 में, शीत्सांग का सकल घरेलू उत्पाद 2 ख़रब 76 अरब 50 करोड़ युआन तक पहुँच गया, जो 1965 की तुलना में 155 गुना वृद्धि है और इसकी औसत वार्षिक वृद्धि दर 8.9% है। 2025 में इसके 3 ख़रब युआन से अधिक होने की उम्मीद है।
इस वृद्धि के पीछे ठोस बदलाव छिपे हैं: छिंगहाई- शीत्सांग रेलवे ने एक “स्काई रोड” खोल दिया है, सड़क नेटवर्क अब सभी कस्बों को कवर करता है, और कई हवाई अड्डों ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू कर दी हैं। हाइलैंड जौ और याक के गोमांस उत्पाद, जो कभी पठार पर छिपे रहते थे, अब सुविधाजनक रसद व्यवस्था के कारण दुनिया भर में उपलब्ध हैं। नमत्सो झील और पोटाला पैलेस के अनूठे आकर्षण का अनुभव करने के लिए बढ़ती संख्या में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक आ रहे हैं। शीत्सांग एक जीवंत क्षेत्र बन गया है जो घरेलू परिसंचरण में गहराई से एकीकृत है और वैश्विक बाजार से जुड़ा हुआ है।
लोगों के जन जीवन में सुधार: “बुनियादी सुरक्षा” से “जीवन की गुणवत्ता” तक
विकास का मूल लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। दशकों पहले, चिकित्सा देखभाल और औषधियों का अभाव और 90% से ज़्यादा आबादी का निरक्षर होना शीत्सांग के लोगों के लिए प्रमुख समस्याएँ थीं। अब, इन चुनौतियों का एक-एक करके समाधान किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवा के संदर्भ में, शीत्सांग ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को कवर करते हुए एक व्यापक सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली स्थापित की है। इस क्षेत्र में 400 से अधिक गंभीर बीमारियों का इलाज किया जा सकता है, और 2,400 से अधिक सामान्य बीमारियों का इलाज प्रीफेक्चर और शहरी स्तर पर किया जाता है।
शिक्षा के क्षेत्र में, शीत्सांग देश का पहला ऐसा क्षेत्र था जिसने प्रीस्कूल से हाई स्कूल तक 15 साल की सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित शिक्षा लागू की, जिससे एक व्यापक आधुनिक शिक्षा प्रणाली स्थापित हुई। नए श्रम बल के सदस्यों के लिए शिक्षा के औसत वर्ष 13.1 वर्ष तक पहुँच गए हैं। यह “बिना शिक्षा” से “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा” की ओर एक महत्वपूर्ण छलांग है।
खुलापन और सहयोग: “पठारी अवसरों” को साझा करना
शीत्सांग का विकास केंद्र सरकार के संसाधन समर्थन और उससे भी अधिक, एक खुले दृष्टिकोण से अविभाज्य है। हाल के वर्षों में, केंद्र सरकार ने शीत्सांग को अपने बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और विशिष्ट उद्योगों को विकसित करने में मदद की है और शीत्सांग ने हमेशा खुलेपन के साथ दुनिया को गले लगाया है।
आज, अंतर्राष्ट्रीय व्यवसाय शीत्सांग की क्षमता को लेकर आशावादी हैं और पारिस्थितिक पर्यटन तथा पठारी कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग की तलाश कर रहे हैं। हर साल लाखों अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक शीत्सांग की पारिस्थितिक और सांस्कृतिक सुंदरता का अनुभव करने आते हैं। शीत्सांग के युवाओं के पास अब पठार से आगे यात्रा करने और दुनिया को जानने के अधिक अवसर हैं, जिससे अधिक लोग सच्चे शीत्सांग को समझ पा रहे हैं।
60 वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद, शीत्सांग का परिवर्तन सभी के सामने स्पष्ट है। आज, शीत्सांग आर्थिक विकास, समृद्ध जन-जीवन और अवसरों से भरपूर एक अधिक खुले, समावेशी और जीवंत वातावरण का दावा करता है। आगे बढ़ते हुए, यह पठार दुनिया भर के मित्रों के लिए आदान-प्रदान, सहयोग और साझा विकास के लिए अपने द्वार खोलता रहेगा, जिससे “विश्व की छत” की उपलब्धियों का लाभ और भी अधिक लोगों को मिल सकेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...