Site icon Dainik Savera Times

दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 73 लोगों की मौत

जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के सबसे बड़े शहर जोहानिसबर्ग में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम 73 लोगों की मौत हो गई और 52 अन्य झुलस गए। इस इमारत में प्रवासी लोग रहते थे। अधिकारियों ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि शहर के मध्य में स्थित पांच मंजिला इमारत में आग किस वजह से लगी।बड़ी संख्या में आपात और बचावकर्मी घटनास्थल पर हैं क्योंकि अब भी शव निकाले जा रहे हैं।

जोहानिसबर्ग शहर की आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता रॉबर्ट मुलौदज़ी ने कहा कि अग्निशमन विभाग को बुधवार देर रात लगभग 1:30 बजे डेल्वर्स एंड अल्बर्ट्स मार्ग पर स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली। मुलौदज़ी ने कहा, ‘‘हम आग बुझाने के क्रम में इमारत के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने में कामयाब रहे।’’ उन्होंने कहा कि हादसे में घायल अधिकतर लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। उन्होंने कहा कि आग से पांच मंजिला इमारत नष्ट हो गई।

प्रवक्ता ने कहा कि आग लगने के कारण बेघर हुए लोगों के रहने के लिए उचित इंतजाम किए जा रहे हैं।मुलौदज़ी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 73 शव निकाले जा चुके हैं और 52 अन्य लोग झुलस गए हैं तथा खोज और बचाव अभियान अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।मुलौदज़ी ने कहा कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।आग में झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इमारत के नजदीक रहने वाले तंजानिया के एक नागरिक ने कहा कि इमारत के अंदर सैकड़ों की संख्या में लोग रहे होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई इमारतों में अधिकतर निवासी अफ्रीकी देशों के अवैध प्रवासी हैं जो नौकरियों की तलाश में दक्षिण अफ्रीका के आíथक केंद्र में आए थे।

Exit mobile version