न्यूयॉर्क : अमरीकी प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों और उच्च शिक्षा व्यवस्था में बदलावों के बीच विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों की संख्या घट रही है। सोमवार को जारी सर्वेक्षण के अनुसार, इस साल विदेशी छात्रों के दाखिले में 9 प्रतिशत और पहली बार अमरीका आने वाले छात्रों की संख्या में 15 प्रतिशत गिरावट आई है। ‘इंस्टीच्यूट ऑफ इंटरनैशनल एजुकेशन’ के अनुसार, अमरीका में पढ़ने आने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। भारत अमरीका में सबसे अधिक विदेशी छात्र भेजने वाला देश है।
‘अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटी प्रोफेसर्स’ की मुख्य विधि सलाहकार वीणा दुबल ने कहा कि अमरीका अब असुरक्षित जगह जैसा लगता है और ट्रंप प्रशासन की नीतियों से दुनिया भर के परिवार चिंतित हैं।
सर्वेक्षण में 88 प्रतिशत संस्थानों ने विदेशी छात्रों के दाखिले में कमी के लिए वीजा प्रक्रिया और 70 प्रतिशत ने यात्रा प्रतिबंधों को जिम्मेदार ठहराया। अमरीकी गृह सुरक्षा मंत्रालय ने ओपीटी कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक छात्र के लिए शिक्षण संस्थानों पर 70,000 डॉलर शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है।
इस कार्यक्रम के तहत विदेशी छात्रों को पढ़ाई के बाद अमरीका में अस्थायी रूप से काम करने का अवसर मिलता है। सर्वेक्षण के अनुसार, इस साल ओपीटी में भाग लेने वाले छात्रों की संख्या में 6 प्रतिशत गिरावट आई है। ‘नाफ्सा’ और ‘जेबी इंटरनैशनल’ के अध्ययन के अनुसार, विदेशी छात्रों के दाखिले में गिरावट से इस साल अमरीकी अर्थव्यवस्था में उनका आर्थिक योगदान 2.4 अरब डॉलर कम हो गया।

