Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

क्यूबा के तट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया; फ्लोरिडा में भी झटके महसूस हुए

June 9, 2026

क्यूबा के तट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया; फ्लोरिडा में भी झटके महसूस हुए

हवानाः क्यूबा के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 6.1 मापी गयी। भूकंप के कारण यहां इमारतें हिल गईं और इसके झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। भूकंप के कारण तत्काल किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र हवाना के पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर समुद्र में था। पश्चिमी क्यूबा के पिनार डेल रियो होटल की प्रबंधक फ्लाविया पुपो ने बताया कि भूकंप का झटका इतना शक्तिशाली था कि इमारत हिल गई जिससे लोग घबरा गए। उन्होंने कहा, ”यहां सब ठीक हैं। सड़क पर लोग थोड़े डरे और घबराए हुए हैं।”

भूकंप के झटके अमेरिका के फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। फ्लोरिडा के मियामी स्थित राष्ट्रीय मौसम सेवा ने एक ट्वीट में बताया कि उसे राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में भूकंप के झटके महसूस होने की कई रिपोर्ट मिली हैं। सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर लोगों ने भूकंप से संबंधित कई पोस्ट किए जिससे पता चला कि लोगों ने ऑरलैंडो के उत्तर में भी भूकंप के झटके महसूस किए।

फोर्ट लॉडरडेल के डाउनटाउन में एक लॉ ऑफिस में काम करने वाली मारिया मोनकायो ने बताया कि वह चुपचाप अपनी डेस्क पर काम कर रही थीं, तभी उन्हें कंपन महसूस होने लगा। पहले तो उन्हें लगा कि दूसरे हिस्से में निर्माण कार्य के कारण यह कंपन महसूस हुई होगी लेकिन बाद में उन्हें भूकंप का एहसास हुआ। भूकंप के कारण कंपन लगभग एक मिनट तक महसूस किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें