डेनवर : अमरीका के डेनवर शहर में एक हाई स्कूल में एक छात्र ने अपने 2 सहपाठियों को गोली मार दी और फिर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना कोलोराडो के एवरग्रीन हाई स्कूल में हुई, जो डेनवर से लगभग 30 मील पश्चिम में रॉकी माउंटेन की तलहटी में स्थित है। दोपहर करीब 12.30 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। जैफरसन काउंटी शैरिफ कार्यालय की प्रवक्ता जैकी केली ने बताया कि गोलियां स्कूल इमारत के अंदर और बाहर दोनों जगह चलीं और पुलिस ने 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर हमलावर को ढूंढ लिया। केली ने कहा कि आसपास के इलाकों से 100 से अधिक पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी काउंटी के कोलंबाइन हाई स्कूल में 1999 में गोलीबारी की एक घटना में 14 लोगों की मौत हो गई थी।