Site icon Dainik Savera Times

खेत में मशीन से घास काटते वक्त हाथ कटने से पंजाब के युवक को मालिक ने सड़क किनारे फैंका, मौत

लंदन/रोम: इटली में 31 वर्षीय एक भारतीय मजदूर का हाथ एक भारी मशीन की चपेट में आकर कट जाने के बाद उसके नियोक्ता ने उपचार कराने के बजाए उसे सड़क किनारे फैंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रोम के निकट लाजियो में सब्जी के एक खेत में काम करते हुए सतनाम सिंह का हाथ भारी मशीन में आकर कट गया था। रोम में भारतीय दूतावास ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इटली के लैटिना में भारतीय नागरिक की मृत्यु की खबर से वह वाकिफ हैं। दूतावास ने कहा, हम स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।

परिवार से संपर्क करने और वाणिज्य दूतावास सहायता मुहैया कराने के प्रयास जारी हैं। सिंह पंजाब के रहने वाले थे। इटली की मीडिया की खबर के मुताबिक, सिंह के नियोक्ता एंटोनेलो लोवेटो ने उन्हें और उनकी पत्नी को एक वैन में बिठाया और उनके घर के नजदीक सड़क किनारे छोड़ दिया। घर के मालिक इलारियो पेपे ने बताया, हमने सिंह की पत्नी की चीखें सुनीं, जो मदद के लिए पुकार रही थी फिर हमने एक लड़के को देखा, जो उन्हें अपनी बाहों में उठाकर घर के अंदर ले गया।

उन्होंने बताया, हमें लगा कि वह उनकी मदद कर रहा है लेकिन फिर वह भी भाग गया। पेपे ने कहा, मैं उसके पीछे भागा और मैंने उसे वैन में चढ़ते हुए देखा और मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ था और वह उसे अस्पताल क्यों नहीं ले गया। उन्होंने कहा, उसने (लड़के) जवाब दिया कि वह (सिंह) नियमित कर्मचारी के तौर पर पंजीकृत नहीं है। कटे हुए हाथ को फलों के डिब्बे में रखा गया था। सिंह को डेढ़ घंटे तक उपचार नहीं मिला। उन्हें हवाई मार्ग से रोम के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बुधवार को उनकी मौत हो गई। लोवेटो पर अब आपराधिक लापरवाही और हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच चल रही है।

Exit mobile version