Pakistani PM Shahbaz: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कश्मीर, आतंकवाद, जल और व्यापार सहित सभी मुद्दों को सुलझाने के लिए भारत के साथ शांति वार्ता करने की सोमवार को इच्छा व्यक्त की। शरीफ ने यह टिप्पणी ईरान की राजधानी तेहरान में की, जहां वह 4 देशों की अपनी यात्र के दूसरे चरण में पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री तुर्की से ईरान की राजधानी पहुंचे, जहां राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सादाबाद पैलेस में उनका स्वागत किया। शरीफ को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और उन्होंने राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ बातचीत की। पेजेशकियन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि वह शांति के लिए भारत के साथ बातचीत करने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा, ‘हम कश्मीर मुद्दे और जल मुद्दे सहित सभी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहते हैं और व्यापार तथा आतंकवाद-रोधी मुद्दों पर भी अपने पड़ोसी के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं।’ उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि अगर भारत ने युद्ध का रास्ता चुना तो इसका जवाब दिया जाएगा। शहबाज शरीफ ने कहा, ‘लेकिन अगर वे आक्रामक बने रहना चुनते हैं तो हम अपने क्षेत्र की रक्षा करेंगे।
इस दौरान शहबाज शरीफ ने ईरान के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री शरीफ ने राष्ट्रपति पेजेशकियन का हालिया भारत-पाक संघर्ष के दौरान समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तान यात्रा को भी सराहा और उन्हें ‘उत्कृष्ट राजनयिक’ बताया। वह ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला सैयद अली खामनेई से भी मुलाकात करेंगे।
इससे पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ तुर्किये पहुंचे थे। जहां उन्होंने राष्ट्रपति रेसप तैयब अर्दोआन से मुलाकात की। शहबाज ने भारत से टकराव के दौरान समर्थन के लिए अर्दोआन का शुक्रिया अदा किया। हालांकि, तुर्किये ने संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को हथियार देने से इनकार किया था। शहबाज शरीफ चार मित्र देशों की अपनी यात्रा के तहत रविवार को दो दिवसीय दौरे पर तुर्किये पहुंचे। शहबाज ईरान के अलावा अजरबैजान और ताजिकिस्तान का भी दौरा करेंगे।

