Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हूती विद्रोहियों का इज़राइल पर हवाई हमला… उत्तरी क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

April 23, 2025

हूती विद्रोहियों का इज़राइल पर हवाई हमला… उत्तरी क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

Air Strikes on Israel: इंटरनेशनल डेस्क: यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बुधवार तड़के इज़राइल के उत्तरी हिस्से की ओर मिसाइल दागकर क्षेत्रीय तनाव को और गहरा कर दिया। इज़राइली डिफेंस फोर्स (IDF) के मुताबिक, यह मिसाइल एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर ली गई और किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।

-हमले के बाद इलाके में फैली दहशत

हमले के तुरंत बाद हाइफा, क्रायोट और गलील सागर के पश्चिमी इलाके में सायरनों की आवाजें गूंज उठीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कई निवासियों ने आसमान में धमाकों की आवाजें और चमकते हुए इंटरसेप्टर मिसाइलों को देखने की पुष्टि की। इस हमले की जिम्मेदारी फिलहाल हूती समूह ने नहीं ली है, हालांकि यह उनकी रणनीति का हिस्सा माना जाता है कि वे हमलों की पुष्टि करने में अक्सर देर करते हैं।

-बीते कुछ हफ्तों से हूती ठिकानों हो रहे हवाई हमले

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका बीते कुछ हफ्तों से यमन में हूती ठिकानों पर लगातार हवाई हमले कर रहा है। हूती सूत्रों के अनुसार, बुधवार को हुए ताजा अमेरिकी हमलों में होदेदा, मारीब और सादा प्रांत प्रभावित हुए हैं। मारीब में टेलीकम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को खास तौर पर निशाना बनाया गया, जो पहले भी अमेरिकी ऑपरेशन का केंद्र रह चुका है। इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इन ताजा हमलों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हूती समूह भी अब तक प्रभावित क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इज़राइल की ओर मिसाइल दागना एक प्रतीकात्मक कार्रवाई हो सकती है, जिससे अमेरिका और उसके सहयोगियों पर दबाव बनाया जा सके। यह हमला पश्चिम एशिया में पहले से जटिल भू-राजनीतिक हालात को और अधिक अस्थिर बना सकता है। नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह हमले किसी बड़े संघर्ष की शुरुआत हैं या फिर क्षेत्रीय ताकतों की एक और शक्ति-प्रदर्शन की कड़ी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें