इंटरनेशनल डेस्क: नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। इस्तांबुल से काठमांडू आ रही तुर्की एयरलाइंस की एक फ्लाइट के लैंडिंग के समय विमान के टायर में आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टीके-726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी। जैसे ही विमान ने त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की, उसके दाहिने लैंडिंग गियर के टायर से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
ये भी पढ़ें: PM Modi का गुजरात दौरा: सोमनाथ अमृत महोत्सव में हिस्सा लेंगे प्रधानमंत्री, जानें आज का पूरा शेड्यूल
एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि फायर इंजन की मदद से आग को जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने कहा कि विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। इनमें संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन सुरक्षा टीमों ने स्थिति को संभाल लिया।
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में विमान के पहियों के पास आग और धुआं साफ दिखाई दे रहा है। साथ ही यात्रियों को इमरजेंसी गेट के जरिए बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल विमान में आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन कंपनी की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अभी तक इस घटना को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें राजस्थान को कब मिलेगी गर्मी से राहत