Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

विभिन्न देशों के राजदूत पाकिस्तान में ‘राजनीतिक अराजकता’ पर जता रहे हैं गंभीर चिंता : Maryam Nawaz

September 25, 2024

विभिन्न देशों के राजदूत पाकिस्तान में ‘राजनीतिक अराजकता’ पर जता रहे हैं गंभीर चिंता : Maryam Nawaz

लाहौर : पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में निवेश करने से ‘मित्र देशों’ के हिचकिचाने की खबरों के बीच बुधवार को कहा कि विभिन्न देशों के राजदूत इस मुल्क में ‘‘राजनीतिक अराजकता’’ पर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। मरियम नवाज ने पंजाब के फैसलाबाद शहर में एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा, कि ‘आज एक देश के राजदूत ने (पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन अध्यक्ष) नवाज शरीफ तथा मुझसे मुलाकात की तथा पाकिस्तान में ‘राजनीतिक अराजकता’ के बारे में पूछा। नवाज शरीफ ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल कोई नई बात नहीं है और वह इसे देखते हुए ही बड़े हुए हैं।’’

चीन के राजदूत जियांग जैडोंग ने बुधवार को लाहौर में नवाज तथा मरियम नवाज से मुलाकात की। इससे एक दिन पहले पाकिस्तान में अमेरिका के राजदूत डोनाल्ड ब्लोम ने दोनों नेताओं से मुलाकात की थी और देश में मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की थी। मरियम नवाज ने कहा कि पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल आम बात है और उन्हें भी नहीं पता कि वह कितने समय तक पद पर बनी रहेंगी।

उन्होंने कहा, कि ‘देश में राजनीतिक अराजकता जारी है और मुझे भी नहीं पता कि मैं कब तक पद (मुख्यमंत्री) पर बनी रहूंगी।’’ पिछले दो वर्षों से पाकिस्तान में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ रही है और देश की सबसे लोकप्रिय पार्टी – पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का सैन्य प्रतिष्ठान के साथ टकराव चल रहा है।

पीटीआई सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान कई मामलों में एक साल से अधिक समय से जेल में हैं और सैन्य प्रतिष्ठान पर इस साल हुए आम चुनाव में व्यापक पैमाने पर धांधली के बाद शहबाज शरीफ की सरकार स्थापित करने का आरोप है। पीटीआई ने दावा किया कि इस चुनाव में उसने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें