Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

America:टेक्सास, ओक्लाहोमा और अर्कांसस में भयानक तूफान से हुआ भारी नुक्सान, 18 लोगों ने गवाई जान

May 27, 2024

America:टेक्सास, ओक्लाहोमा और अर्कांसस में भयानक तूफान से हुआ भारी नुक्सान, 18 लोगों ने गवाई जान

टेक्सास: मध्य अमेरिका के टेक्सास, ओक्लाहोमा और अर्कांसस राज्यों में आये शक्तिशाली तूफान के कारण दो बच्चों सहित कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, कई मकान तबाह हो गये और बढ़ते तापमान के बीच हजारों लोगों को बिजली के बिना रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि ओक्लाहोमा सीमा के समीप टेक्सास की कुक काउंटी में सात लोगों के मारे जाने की सूचना प्राप्त हुई, जहां शनिवार रात को आए तूफान ने एक ग्रामीण इलाके में भारी तबाही मचाई।

कुक काउंटी के शेरिफ रे सैप्पिंग्टन ने कहा, ”यहां सिर्फ मलबे का ढेर बचा है। भारी तबाही हुई है।” शेरिफ ने बताया कि मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र दो और पांच वर्ष थी। उन्होंने बताया कि एक परिवार के तीन सदस्यों की भी तूफान से हुई तबाही में मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि लापता लोगों को ढूंढने के लिए खोज व बचाव अभियान अब भी जारी है। सीबीएस न्यूज की खबर के मुताबिक, टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने रविवार को बताया कि शनिवार को आए तूफान की वजह से करीब 100 लोग घायल हो गये हालांकि सटीक आंकड़ा बता पाना थोड़ा मुश्किल है।

गवर्नर ने कहा कि 200 से ज्यादा मकान व अन्य इमारतें पूरी तरह से तबाह हो गयीं और 100 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। एबॉट ने कहा, ”अगर संख्या नहीं बढ़ती है तो मुझे हैरानी होगी।”तूफान की वजह से कई मकान और व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से तबाह हो गये और कई इलाकों में पेड़ एवं बिजली के खंभे भी उखड़ गये। वैली व्यू के आस-पास के इलाके तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। बिजली समस्या से जुड़ी एक वेबसाइट के मुताबिक, टेक्सास से लेकर कंसास, मिसौरी, अर्कांसस, टेनिसी और केनटकी तक 4,70,000 से ज्यादा लोगों को बिना बिजली के रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें