Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में फ्लाइट संकट ने बढ़ाई यात्रियों की मुसीबत, कोई एयरपोर्ट पर रोया तो किसी को करना पड़ा घंटों इंतजार

America Flight crisis: न्यूयॉर्क के कैनेडी एयरपोर्ट पर, राइली एलेक्सिस होम्स को उम्मीद थी कि वह अपने भाई के म्यूजिकल शो की आखिरी रात के समय तक ओरेगन पहुंच जाएंगी। लेकिन, लगभग दो घंटे की देरी के बाद, उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई।

24 वर्षीय यात्री ने मीडिया को बताया, “मैंने अपनी मां को फोन किया और रोने लगा। अब मैं बस यहां बैठकर किसी जानकारी का इंतजार कर रहा हूं।”

शुक्रवार (स्थानीय समय) को संचार व्यवस्था में खराबी के कारण अमेरिकी हवाई यातायात संचालन पर असर पड़ा, नतीजतन पूरे देश में उड़ानें रोक दी गईं। इस वजह से लोगों के पारिवारिक कार्यक्रम, काम के सिलसिले में की जाने वाली यात्राएं और खेल संबंधी दौरे बाधित हो गए।

यात्रियों ने बताई परेशानी
नेवार्क हवाई अड्डे पर, जोस नाम का एक यात्री काम के सिलसिले में टोरंटो जाने की कोशिश कर रहा था। उसने मीडिया को बताया कि उसने ‘ग्राउंड स्टॉप’ (उड़ानें रोके जाने) के शुरू होने के बाद अपना टिकट खरीदा था। रिपोर्ट्स में उसका उपनाम या एयरलाइन का नाम नहीं बताया गया। उसने नेटवर्क को बताया, “यह सब पहले ही हो चुका था, फिर भी उन्होंने मुझे टिकट बेच दिया।”

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी को बेताब सैम कोंस्टास, कहा – ‘टॉप लेवल पर खेलना चाहता हूं’

 

कैनेडी हवाई अड्डे पर मौजूद एक अन्य यात्री, कीरन कलन, विदेश में अपनी तैनाती पूरी करके जैक्सनविले लौट रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बताया कि उनकी उड़ान रद्द होने से पहले कई बार थोड़ी-थोड़ी देर के लिए देरी हुई। उनके समूह ने न्यू जर्सी में रुकने का फैसला किया और उन्हें उम्मीद है कि वे रविवार को यात्रा कर सकेंगे।

यात्रियों के लिए मंगाया गया पिज्जा
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, फ्लोरिडा के गेन्सविले रीजनल एयरपोर्ट की प्रवक्ता एरिन पोर्टर ने बताया कि हवाई अड्डे पर फंसे लगभग 80 यात्रियों के लिए पिज्जा मंगाया गया।

इस व्यवधान का असर कॉलेज स्पोटर्स पर भी पड़ा। वाशिंगटन की फुटबॉल टीम को अपनी उड़ान रोके जाने के बाद वापस कैंपस लौटना पड़ा। टीम के अधिकारी जेफ बेकथॉल्ड ने बताया, “यहां से सड़क मार्ग से जाने में 30 घंटे लगेंगे।”

हटाया गया ग्राउंड स्टॉप
शुक्रवार देर शाम एक रिपोर्ट में बताया गया कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पूरे देश में लागू ‘ग्राउंड स्टॉप’ को हटा दिया है। हालांकि, उड़ानें फिर से शुरू होने के बावजूद यात्रियों को अभी भी देरी या उड़ानों के रद्द होने का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि एयरलाइंस को अपने विमानों और क्रू सदस्यों को फिर से व्यवस्थित करना होगा।

ये भी पढ़ें- दिल्ली की हवा में घुला जहर! कई इलाकों में 400 के करीब पंहुचा AQI

 

इससे पहले, शाम 7:37 बजे (ईस्टर्न टाइम) जारी एफएए के एक परिचालन प्लान में कहा गया था कि देश के एक बड़े हिस्से में ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू है, हालांकि कुछ तटीय हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना करने की अनुमति दे दी गई थी।

एयर इंडिया ने जारी की चेतावनी
एयर इंडिया ने अमेरिका आने-जाने वाली उड़ानों में संभावित व्यवधान की चेतावनी दी है और यात्रियों से कहा है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति (स्टेटस) जरूर जांच लें।

क्या है ग्राउंड स्टॉप
‘ग्राउंड स्टॉप’ का मतलब है कि विमानों को उनके प्रस्थान हवाई अड्डे पर ही रोक दिया जाता है, न कि हवा में मौजूद सभी विमानों को तुरंत उतरने का आदेश दिया जाता है। एफएए ने कहा कि विदेश से आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अलग-अलग तरह से मैनेज किया जाएगा।

Exit mobile version