Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Syria में ड्रोन हमले में अपने नागरिक की मौत के बाद America ने की जवाबी कार्रवाई

March 24, 2023

Syria में ड्रोन हमले में अपने नागरिक की मौत के बाद America ने की जवाबी कार्रवाई

वाशिंगटनः उत्तरपश्चिमी सीरिया में गठबंधन सेना के एक अड्डे पर बृहस्पतिवार को संदिग्ध रूप से ईरान के ड्रोन हमले में एक अमेरिकी ठेकेदार की मौत हो गई तथा अमेरिकी सेना के पांच सदस्य तथा एक अन्य ठेकेदार घायल हो गए। पेंटागन ने यह जानकारी दी हैं। अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने बृहस्पतिवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि यूएस सेंट्रल कमांड बलों ने जवाबी कार्रवाई के तौर पर ईरान के रेवोल्यूशनरी गार्ड से संबद्ध समूहों द्वारा पूर्वी सीरिया में इस्तेमाल किए जाने वाले अड्डों पर ‘‘सटीक हवाई हमले’’ किए। रक्षा विभाग ने कहा कि खुफिया समुदाय ने पता लगाया है कि मानवरहित ड्रोन ईरानी मूल का था।

ऑस्टिन ने कहा, कि ‘सीरिया में रेवोल्यूशनरी गार्ड से संबद्ध समूहों द्वारा गठबंधन सेना के खिलाफ हाल के हमलों के साथ ही आज के हमले के जवाब में हवाई हमले किए गए।’’ सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो में सीरिया के देर अज-जोर में विस्फोट होते हुए देखा जा सकता है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस प्रांत की सीमा इराक से लगती है और यहां तेल क्षेत्र स्थित हैं।

गौरतलब है कि ईरान के अर्धसैन्य बल रेवोल्यूशनरी गार्ड पर पश्चिम एशिया में बमवर्षक ड्रोन हमले करने का संदेह है। हाल के महीनों में रूस ने यूक्रेन पर युद्ध के तौर पर कई स्थानों पर अपने हमलों में ईरान के ड्रोन का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। ईरान ने इन हमलों की जिम्मेदारी से इनकार किया है। हालांकि, पश्चिमी देश और विशेषज्ञ इन ड्रोन को ईरान का बताते हैं।

सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने अभी किसी हमले की पुष्टि नहीं की है। ईरान की ओर से भी इन हमलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। कतर की सरकारी समाचार एजेंसी ने उसके विदेश मंत्री और अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान के बीच फोन पर बातचीत होने की जानकारी दी है।कतर, ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच वार्ताकार रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें