Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

America ने अपने हवाई क्षेत्र में एक और संदिग्ध वस्तु को मार गिराया

February 13, 2023

America ने अपने हवाई क्षेत्र में एक और संदिग्ध वस्तु को मार गिराया

वाशिंगटनः अमेरिका ने अपने हवाई क्षेत्र में रविवार को एक और अज्ञात वस्तु को मार गिराया। इससे एक दिन पहले उसने कनाडा के ऊपर नजर आये इसी तरह की एक ‘बेलनाकार’ वस्तु को मार गिराया था। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन के प्रेस सचिव ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति जो. बाइडन के निर्देश पर एक एफ-16 लड़ाकू विमान ने मिशिगन राज्य में हूरोन झील के ऊपर अमेरिकी हवाई क्षेत्र में लगभग 20,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रही वस्तु को ‘एआईएम9एक्स’ मिसाइल के जरिये मार गिराया।

खबराें के अनुसार, वस्तु अष्टकोणीय आकार की थी। हालांकि, अमेरिका ने इस बारे में संकेत नहीं दिया है कि यह वस्तु जासूसी क्षमताओं से लैस थी, लेकिन इस बात से अभी इनकार नहीं किया गया है। पिछले शनिवार को दक्षिण कैरोलिना तट से दूर अटलांटिक महासागर के ऊपर एक चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराए जाने के बाद, यह एक सप्ताह में अज्ञात हवाई वस्तु की इस तरह मार गिराए जाने की तीसरी घटना है। पिछले दो मामलों में, अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने शुक्रवार को अलास्का में और शनिवार को कनाडा के हवाई क्षेत्र में ऐसी ही अज्ञात वस्तुओं को मार गिराया था।

राष्ट्रपति जाे बाइडेन ने रक्षा मंत्री लॉयड आॅस्टिन की सिफारिश पर रविवार को हवा में उड़ रही वस्तु को मार गिराने का आदेश दिया। यह जिस मार्ग और ऊंचाई पर उड़ रही थी उसे लेकर चिंता जताई जा रही थी और यह आशंका भी थी कि यह नागर विमानन के लिये खतरा हो सकती है। पेंटागन के अधिकारी ने कहा कि इस वस्तु को मार गिराने के लिये ऐसी जगह को चुना गया, जिससे जमीन पर लोगों को कोई नुकसान न हो तथा इसके मलबे को एकत्र करने में भी मुश्किल न हो।

उन्होंने कहा, कि किसी व्यक्ति के हताहत होने या नुकसान पहुंचने का कोई संकेत नहीं है। अमेरिकी मीडिया में आई खबरों में कहा गया है कि फिलहाल इस बारे में कोई संकेत नहीं है कि इन अज्ञात वस्तुओं का चीनी जासूसी गुब्बारे से कोई संबंध है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है द्वीप के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी तनाव में हैं। इस बीच, कनाडा की रक्षा मंत्री अनीता आनंद ने कहा कि उनके देश ने अमेरिकी हवाई क्षेत्र के ऊपर एक वस्तु को मार गिराने में अमेरिकी लड़ाकू विमानों की मदद की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें