Site icon Dainik Savera Times

प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करों पर अमरीका की स्ट्राइक, तैरते आपूर्ति स्टेशन जहाज को समुद्र में डुबोया

वाशिंगटन : अमरीकी साउथ कमांड के निर्देश पर ज्वाइंट टास्क फोर्स वैस्टर्न हैमिस्फियर ने पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कुख्यात नार्को-आतंकी संगठन लॉस चोनेरोस के लिए काम कर रहे एक तैरते आपूर्ति स्टेशन जहाज को रोक लिया। जांच और चालक दल को हिरासत में लेने के बाद जहाज को समुद्र में डुबो दिया गया। यूएस साउथकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में घटना की जानकारी साझा की।

कमांड ने पोस्ट में बताया कि 7 सितंबर को यूएस सदर्न कमांड के निर्देश पर ज्वाइंट टास्क फोर्स वैस्टर्न हैमिस्फियर (जेटीएफ-डब्ल्यूएचईएम) की टीम ने पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्र के रास्ते होने वाली अवैध ड्रग तस्करी गतिविधियों का समर्थन कर रहे एक तैरते हुए आपूर्ति स्टेशन जहाज को सफलतापूर्वक रोक लिया। बयान के अनुसार, खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई थी कि यह जहाज हिंसक नार्को-आतंकी संगठन लॉस चोनेरोस के लिए काम कर रहा था।

जहाज पर मौजूद लोगों को हिरासत में लेने के बाद उन्हें इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंपा जाएगा। जहाज की पूरी जांच करने और चालक दल को सुरक्षित उतारने के बाद अमरीकी बलों ने उस जहाज को समुद्र में डुबो दिया। यह हवाई हमला नहीं था। अमेरिकी सेना ने जहाज पर चढ़कर तलाशी ली और जहाज को खाली करा दिया।

सभी को जहाज से निकाल लिया गया और उन्हें सुरक्षित रूप से इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंप दिया गया। इसके बाद खाली जहाज को डुबो दिया गया। यह दूसरा ऐसा रिफ्यूलिंग जहाज है जिसे साउथ कमांड ने कुछ ही दिनों में नष्ट किया है। यह अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप और सैक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ का नशे के खिलाफ बड़े कैंपेन का हिस्सा है।

Exit mobile version