वाशिंगटन : अमरीका ने ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कूटनीतिक बातचीत जारी रहने के बावजूद उसके खिलाफ अपना सैन्य अभियान जारी रखने का संकेत दिया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हर अमरीकी सैनिक की मौत के बदले की जोरदार कार्रवाई की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि पेंटागन को ईरान द्वारा मारे गए प्रत्येक अमरीकी सैनिकों का निर्णायक जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
ट्रंप ने बिना विस्तृत जानकारी दिए ट्रूथ सोशल पर लिखा है, ईरान जब भी किसी अमरीकी सैनिक की हत्या करेगा, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी! यह निर्देश युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष डैनियल केन और सेना के हर नेतृत्वकर्त्ता को दे दिया गया है। उनकी यह टिप्पणी तनाव के और बढ़ने का संकेत देती है।
सप्ताहांत में जॉर्डन के एक सैन्य ठिकाने पर हुए ईरानी हमले में कम से कम 2 अमरीकी सैनिक मारे गए थे, जबकि इराक में गिराए गए एक ईरानी ड्रोन के बिना फटे गोला-बारूद को ‘नियंत्रित विस्फोट’ से नष्ट करने के दौरान एक और सैनिक की मौत हो गई थी।
पेंटागन ने सोमवार को बताया कि 7 जुलाई के बाद से लगभग 100 अमरीकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकतर को मामूली चोटे आई हैं। गहराते संघर्ष के बावजूद इसराइल हालिया अमरीकी हमलों में शामिल नहीं हुआ है और अब तक सीधे ईरानी जवाबी हमले से बचा हुआ है।

