Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका में अवैध तरीके से दाखिल हुए एक और भारतीय नागरिक की मौत

April 18, 2024

अमेरिका में अवैध तरीके से दाखिल हुए एक और भारतीय नागरिक की मौत

वाशिंगटन। अवैध तरीके से अमेरिका आने वाले एक भारतीय नागरिक की अटलांटा के एक अस्पताल में मौत हो गई। उसे भारत वापस भेजा जाना था। संघीय अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अमेरिकी प्रवासन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) विभाग ने बताया कि न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास को 57 वर्षीय जसपाल सिंह की मौत के बारे में जानकारी दे दी गई है। साथ ही उसके परिजनों को भी इसके बारे में सूचित कर दिया गया है।

आईसीई ने बताया कि 15 अप्रैल को अटलांटा के एक अस्पताल में सिंह की मौत हो गई। भारतीय नागरिक सिंह ने पहली बार 25 अक्टूबर 1992 में कानूनी तरीके से अमेरिका में प्रवेश किया था। 21 जनवरी 1998 को एक आव्रजन न्यायाधीश ने सिंह को अमेरिका से जाने का आदेश दिया इसके बाद सिंह स्वेच्छा से भारत लौट आया था। सिंह ने 29 जून 2023 को दोबारा अमेरिका में अवैध तरीके से प्रवेश करने की कोशिश की लेकिन अधिकारियों ने उसे अमेरिका- मेक्सिको सीमा पर गिरफ्तार कर लिया था।

सिंह को गिरफ्तार किये जाने के बाद उसे अटलांटा के प्रवर्तन और निष्कासन संचालन (ERO) को सौंप दिया गया था। जहां से उसे अटलांटा के एक हिरासत केंद्र में रखा गया था। अमेरिका में जब ऐसे किसी व्यक्ति की हिरासत केंद्र में मौत होती है जो वहां का नागरिक नहीं है तो ईआरओ को दो कार्यदिवस के भीतर संसद, गैर-सरकारी संगठन, मीडिया को इसकी सूचना देनी होती है साथ ही अपनी वेबसाइट में व्यक्ति से जुड़े विवरण साझा करने होते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें