Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरहद के आर-पार एक और प्रेम कहानी, चीनी महिला अपने प्रेमी से मिलने पहुंची Pakistan

July 27, 2023

सरहद के आर-पार एक और प्रेम कहानी, चीनी महिला अपने प्रेमी से मिलने पहुंची Pakistan

पेशावरः सरहद के आर-पार प्रेम कहानी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें अब चीन की एक महिला सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी युवक से मुलाकात और उसके प्यार में पड़ने के बाद उससे मिलने खैबर पख्तूनख्वा आ पहुंची है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया द्वारा महिला की पहचान गाओ फेंग के रूप में की गई है, जो तीन महीने के वीजा पर गिलगिट के रास्ते चीन से बुधवार को इस्लामाबाद पहुंची। 21 वर्षीय युवती को उसका 18 वर्षीय दोस्त जावेद लेने पहुंचा था, जो अफगानिस्तानी सीमा से सटे बाजाैर जनजातीय जिले का रहने वाला है।

बाजाैर में सुरक्षा हालात के चलते जावेद अपनी दोस्त को अपने गृहनगर न ले जाकर लोअर दीर जिले के समरबाग तहसील में अपने मामा के घर ले गया है।पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले तीन साल से स्नैपचैट के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। लोअर दीर जिले के पुलिस अधिकारी जियाउद्दीन ने मीडिया को बताया कि चीनी महिला को समरबाग इलाके में पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई गई है। हालांकि मुहर्रम और इलाके में सुरक्षा कारणों की वजह से उसे खुले में घूमने से मना किया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला के यात्र दस्तावेज बिल्कुल वैध हैं। उन्होंने बताया कि उसने अभी तक जावेद से निकाह नहीं किया है।

इससे पहले भारत के राजस्थान राज्य की 34 वर्षीय अंजू अपने 29 वर्षीय पाकिस्तानी दोस्त नसरुल्ला से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा के अपर दीर जिले में आ पहुंची थी। अंजू की फेसबुक पर नसरुल्ला से मुलाकात हुई थी। बाद में अंजू ने इस्लाम कबूल कर नसरुल्ला से निकाह कर लिया था और अब उसका नया नाम फातिमा है।

इसी तरह के एक और मामले में पाकिस्तान की 30 वर्षीय सीमा हैदर, 22 वर्षीय हिंदू युवक सचिन से मिलने के लिए अपने चार बच्चों के साथ भारत जा पहुंची थी। दोनों की मुलाकात 2019 में ऑनलाइन गेम पबजी खेलते वक्त हुई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, सीमा और सचिन दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के रबुपुरा में रहते हैं, जहां सचिन एक किराने की दुकान चलाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें